ख़ूबसूरती से सुर्ख़ियों तक… आख़िर शराब तस्करी के कथित खेल में कैसे पहुंचीं नेहा झा?
कथित शराब तस्करी के आरोपों के पीछे सिर्फ नेहा या कोई बड़ा नेटवर्क भी?
भारत समाचार 24±7.net…
विशेष रिपोर्ट…
✍️शब्बीर हसन…
बिहार में शराबबंदी के बीच शराब की कथित तस्करी के मामले में नेहा झा की गिरफ़्तारी के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं और पोस्ट सामने आ रही हैं। लेकिन सवाल यह है कि क्या किसी व्यक्ति की गिरफ़्तारी को केवल सनसनीखेज़ तरीके से प्रस्तुत करना ही पत्रकारिता का उद्देश्य होना चाहिए?
गिरफ़्तारी हुई है तो क़ानून अपना काम करेगा, लेकिन कारणों की पड़ताल भी ज़रूरी…
यदि नेहा झा के पास से क़रीब 100 बोतल शराब बरामद होने की बात जांच में सही साबित होती है, तो क़ानून के तहत कार्रवाई होना स्वाभाविक है। हालांकि, इसके साथ यह जानना भी ज़रूरी है कि एक शिक्षित और बेहद सुंदर युवती कथित तौर पर इस तरह के अवैध क़ारोबार से कैसे जुड़ी और इसके पीछे परिस्थितियां क्या थीं। आर्थिक परेशानी, पारिवारिक दबाव या किसी अन्य व्यक्ति के प्रभाव जैसी कोई परिस्थिति थी या नहीं—यह सब जांच का विषय हो सकता है।
सिर्फ एक युवती तक सीमित न रहे जांच, कथित सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचे पुलिस…
सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह है कि शराब उसके पास पहुंची कहां से? इसके पीछे सप्लायर कौन था, शराब की खेप किसके लिए थी और इस पूरे मामले में कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी निष्पक्ष और गहन जांच होनी चाहिए। यदि किसी प्रभावशाली या सफेदपोश (राजनेता) व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उस पर भी क़ानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
क्या ख़ूबसूरती बनी नेहा झा का ‘ट्रंप कार्ड’, या किसी ने दिखाई थी ग़लत राह?
नेहा झा की ख़ूबसूरती को लेकर सोशल मीडिया पर जिस तरह की टिप्पणियां हो रही हैं, वह अपने आप में एक अलग सवाल खड़ा करती हैं। यदि वह वास्तव में पढ़ी-लिखी और प्रतिभाशाली युवती थी, तो क्या उनके सामने आगे बढ़ने के दूसरे रास्ते नहीं थे? फैशन, मॉडलिंग, मनोरंजन या अन्य पेशेवर क्षेत्रों में बेहतर अवसर तलाशे जा सकते थे। फिर आख़िर ऐसा क्या हुआ कि वह कथित तौर पर शराब तस्करी जैसे जोख़िम भरे काम तक पहुंच गईं?
यह कहना अभी जल्दबाज़ी होगी कि उनकी ख़ूबसूरती का किसी ने ग़लत इस्तेमाल किया या किसी व्यक्ति ने उन्हें इस क़ारोबार में आने के लिए प्रेरित किया। लेकिन यह पहलू भी जांच का विषय हो सकता है कि कहीं किसी ने उनकी परिस्थितियों, व्यक्तित्व या भरोसे का फायदा उठाकर उन्हें इस नेटवर्क से तो नहीं जोड़ा। सिर्फ गिरफ़्तारी तक मामला सीमित रखने के बजाय इस पूरे घटनाक्रम के पीछे की परिस्थितियों और संभावित नेटवर्क की भी निष्पक्ष जांच ज़रूरी है।
सोशल मीडिया की सनसनी से ज्यादा ज़रूरी है निष्पक्ष जांच और सच सामने आना…
किसी आरोपी की गिरफ़्तारी के बाद उसके व्यक्तिगत जीवन, परिवार या रूप-रंग को लेकर अनावश्यक टिप्पणियां करना उचित नहीं है। अदालत में दोष सिद्ध होने से पहले किसी व्यक्ति को अपराधी के रूप में अंतिम रूप से प्रस्तुत करने से भी बचना चाहिए।
सवाल सिर्फ नेहा झा का नहीं, शराब तस्करी के पूरे तंत्र का है…
बिहार में शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर लगातार सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में किसी एक व्यक्ति को केंद्र में रखकर चर्चा करने के बजाय जांच एजेंसियों को पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने की आवश्यकता है। नेहा झा ने यदि क़ानून का उल्लंघन किया है तो क़ानून अपना काम करे, लेकिन यदि उसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क, दबाव या अन्य व्यक्ति शामिल है तो वह सच भी सामने आना चाहिए।
अपील: किसी भी मामले में निष्पक्ष जांच और न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान किया जाना चाहिए। सोशल मीडिया पर अपुष्ट दावों और व्यक्तिगत टिप्पणियों से बचना ही ज़िम्मेदार पत्रकारिता है।

