छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज का पूर्ण नैतिक समर्थन…
रायपुर। कांकेर जिले के आमाबेड़ा क्षेत्र में योजनाबद्ध धर्मांतरण, आदिवासी समाज पर हो रहे अत्याचार एवं स्थानीय प्रशासन की संदिग्ध भूमिका के विरोध में 24 दिसंबर 2025 को सर्व समाज छत्तीसगढ़ द्वारा आहूत ‘छत्तीसगढ़ बंद’ को छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने पूर्ण नैतिक समर्थन देने की घोषणा की है।
इस संबंध में चेंबर के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष श्री सतीश थोरानी की अध्यक्षता में एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रांतीय पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष एवं व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में आमाबेड़ा की गंभीर घटना पर गहन चिंता व्यक्त करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया गया।
धर्मांतरण व अत्याचार के खिलाफ एकजुट व्यापारी समाज
बैठक की शुरुआत में चेंबर के प्रदेश महामंत्री श्री अजय हसीन ने उपस्थित सदस्यों को आमाबेड़ा की हृदयविदारक घटना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि चेंबर आदिवासी एवं जनजातीय समाज के प्रति अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए इस बंद का पूर्ण समर्थन करता है।
प्रदेश अध्यक्ष श्री सतीश थोरानी का कड़ा रुख…
प्रदेश अध्यक्ष श्री सतीश थोरानी ने कहा कि प्रदेश में जबरन धर्मांतरण एक गंभीर एवं चिंताजनक विषय बन चुका है। इसे रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में स्थानीय प्रशासन की भूमिका पक्षपातपूर्ण रही है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने व्यापारी समाज से आह्वान किया कि अन्याय और अत्याचार के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाई जाए। बैठक में उपस्थित सभी व्यापारी प्रतिनिधियों ने हाथ उठाकर बंद को समर्थन देने की सहमति दी।
सुनियोजित बंद से व्यापारियों के हितों की सुरक्षा…
पूर्व विधायक एवं चेंबर संरक्षक श्री श्रीचंद सुंदरानी ने कहा कि आमाबेड़ा की घटना प्रदेश की शांति एवं सामाजिक सौहार्द के लिए खतरा है। उन्होंने आग्रह किया कि बंद पूरी तरह सुनियोजित हो, जिससे व्यापारियों को न्यूनतम आर्थिक क्षति हो, लेकिन विरोध का संदेश स्पष्ट और प्रभावी रूप से जाए।
गांव से शहर तक गूंजेगा बंद का संदेश…
पूर्व विधायक श्री रामचंद्र बाफना ने कहा कि यह बंद केवल रायपुर तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि प्रदेश के प्रत्येक जिले, तहसील और गांव तक पहुंचे, ताकि कश्मीर से कन्याकुमारी तक एकता और सामाजिक न्याय का संदेश जाए।
वहीं ट्रांसपोर्ट चेंबर के अध्यक्ष श्री हरकरण सिंह साहनी ने ट्रांसपोर्ट जगत की ओर से बंद को शत-प्रतिशत समर्थन देने की घोषणा की।
सड़कों पर उतरकर विरोध करेंगे व्यापारी…
चेंबर कार्यकारी अध्यक्ष श्री राजेश वासवानी एवं श्री जसप्रीत सिंह सलूजा ने कहा कि अब केवल बंद पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज विरोधी घटनाओं के खिलाफ व्यापारी समाज को चौराहों पर उतरकर शांतिपूर्ण लेकिन सशक्त विरोध दर्ज कराना होगा।

भाटापारा व्यापारी संघ के अध्यक्ष ने बंद के समर्थन के साथ इस मुद्दे पर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने की घोषणा की।…

