हालांकि कानूनी प्रक्रिया के तहत कुछ ही देर बाद जमानत पर हुई रिहा…
सीतापुर | BharatSamachar24x7.net…
सोशल मीडिया पर मर्यादा तोड़ने वाली भाषा और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियों का अंजाम अब पुलिस कार्रवाई के रूप में सामने आया है। मंत्री और विधायक पर अभद्र एवं अशोभनीय शब्दों का प्रयोग करने के आरोप में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो को सीतापुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
वायरल वीडियो से मचा बवाल…
बीते दिनों आंगनबाड़ी व्यवस्था और क्षेत्र की बदहाल सड़कों को लेकर आकांक्षा टोप्पो का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में भटगांव विधायक एवं महिला-बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े तथा सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो के खिलाफ बार-बार आपत्तिजनक, अमर्यादित और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया।
मुद्दे जनहित के, लेकिन भाषा मर्यादा से बाहर…
हालांकि वीडियो में उठाए गए सवाल—चाहे आंगनबाड़ी केंद्रों की अव्यवस्था हो या सरगुजा-अंबिकापुर की जर्जर सड़कें—जनहित से जुड़े बताए जा रहे हैं, लेकिन जिस तरह से कटु शब्दों और व्यक्तिगत टिप्पणियों का सहारा लिया गया, उसने लोकतांत्रिक मर्यादा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
शिकायत, FIR और गिरफ्तारी…
भाजपा नेता की शिकायत के बाद सीतापुर पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया। जांच के बाद पुलिस टीम ने आकांक्षा टोप्पो को हिरासत में लिया। हालांकि कानूनी प्रक्रिया के तहत कुछ ही देर बाद उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।
अभिव्यक्ति की आज़ादी या बेलगाम भाषा?…
यह पूरा मामला एक बार फिर इस बहस को तेज करता है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की आड़ में क्या किसी को अपशब्द, अपमान और अशिष्ट भाषा के इस्तेमाल की छूट दी जा सकती है? लोकतंत्र में सवाल उठाना जरूरी है, लेकिन शब्दों की मर्यादा बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है।
यह प्रकरण न सिर्फ सोशल मीडिया के बढ़ते उग्रपन को उजागर करता है, बल्कि हमारी सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों पर भी एक बड़ा सवाल खड़ा करता है।

