भारत समाचार 24×7.net…
सूरजपुर/02 जनवरी 2025/
ओड़गी विकासखंड के ग्राम पंचायत विशालपुर में गुरुवार को बाल अधिकारों की सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता को लेकर एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग, यूनिसेफ एवं एग्रिकोंन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला विशालपुर तथा हाई सेकेंडरी स्कूल नवाटोला में यह जागरूकता अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

नवनियुक्त समन्वयकों के नेतृत्व में सशक्त पहल…
कार्यक्रम का नेतृत्व ओड़गी ब्लॉक के नवनियुक्त समन्वयक श्री कृष्ण कुमार गुर्जर एवं श्री धनराज जगते द्वारा किया गया। दोनों विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने इस अभियान में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

बाल अधिकारों से जुड़े अहम मुद्दों पर खुली चर्चा…
कार्यक्रम के दौरान बच्चों और समाज को प्रभावित करने वाले कई गंभीर विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इनमें बाल विवाह की कुप्रथा, लिंग आधारित हिंसा, घरेलू हिंसा, गुड टच-बैड टच की समझ, शिक्षा का महत्व, बच्चों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य, रूप से अधिक गुणों की महत्ता तथा “पढ़ाई का कोना” जैसे विषय प्रमुख रहे।

आपातकालीन हेल्पलाइन की दी गई अहम जानकारी…
बच्चों को उनकी सुरक्षा के प्रति सजग बनाने के उद्देश्य से चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन नंबर 112 और महिला हेल्पलाइन 181 के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि संकट की घड़ी में वे सही सहायता प्राप्त कर सकें।

बाल विवाह मुक्त भारत का लिया संकल्प…
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने “बाल विवाह मुक्त भारत” के संकल्प की शपथ ली और बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए सतत प्रयास करने का प्रण लिया।
ग्रामीण अंचलों में बाल अधिकारों, सुरक्षा और सामाजिक चेतना को मजबूत करने की दिशा में यह पहल एक महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम मानी जा रही है।

