रिपोर्टर : विजय सिंह…
अंबिकापुर-05/01/2026
देशव्यापी अभियान से जुड़ा अंबिकापुर…
देश में सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक लगाने को लेकर चल रहे अभियान से छत्तीसगढ़ का अंबिकापुर भी मजबूती से जुड़ा हुआ है। स्वच्छता के लिए देशभर में पहचान बना चुके अंबिकापुर में पिछले 10 वर्षों से स्कूलों के बच्चे सिंगल यूज प्लास्टिक बैन को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चला रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने भी की सराहना…
अंबिकापुर की इस पहल की खास बात यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस अभियान की सराहना करते हुए ट्वीट किया था, जिससे बच्चों और शहरवासियों का उत्साह और बढ़ा।

स्कूल बच्चों की पहल बनी मिसाल…
होली क्रॉस कॉन्वेंट स्कूल के बच्चों ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ मोर्चा संभाल रखा है। बच्चे सिंगल यूज प्लास्टिक को इकट्ठा कर उन कंपनियों को वापस करते हैं, जिनके उत्पादों की पैकेजिंग में यह प्लास्टिक उपयोग होता है।

हर साल होते हैं जागरूकता कार्यक्रम…
पर्यावरण संरक्षण को लेकर हर साल विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनके माध्यम से छात्र-छात्राओं के साथ-साथ आम लोगों को भी प्लास्टिक से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया जाता है।

नाटक और हस्ताक्षर अभियान से दिया संदेश…
आज स्कूल के बच्चों ने सिंगल यूज प्लास्टिक बैन को लेकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर सांस्कृतिक और नाटकीय प्रस्तुतियों के माध्यम से संदेश दिया। साथ ही हस्ताक्षर अभियान चलाकर लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक से दूर रहने की अपील की गई।




