पीएम आवास की रकम हड़पने का सनसनीखेज आरोप, पीड़ित दंपती पहुंचा कलेक्टर जनदर्शन…
Bharatsamachar24×7.net…
रिपोर्टर-विजय सिंह 06/01/2026
कोंडागांव। जिले के बड़ेराजपुर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत चिचाड़ी में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्राम के निवासी धनीराम पिता लखमू गोंड अपनी पत्नी के साथ कलेक्टर कार्यालय कोंडागांव पहुंचे और जनदर्शन में ग्राम पंचायत सचिव पर पीएम आवास की राशि हड़पने का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत सौंपी।

पीड़ित दंपती ने शिकायत में बताया कि लगभग एक वर्ष पूर्व धनीराम के नाम प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत हुआ था। इसके बाद ग्राम पंचायत सचिव हीरामन मरकाम एवं वार्ड पंच महोन दास द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक, शाखा बांसकोट से दो किश्तों में 40 हजार और 45 हजार रुपये की राशि निकलवाई गई।
धनीराम का आरोप है कि सचिव ने उससे पूरी 85 हजार रुपये की राशि अपने पास रख ली और मकान निर्माण के लिए छड़-सीमेंट उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। सचिव के दबाव में पीड़ित ने अपना पुराना कच्चा मकान भी तुड़वा दिया, लेकिन इसके बाद न तो निर्माण सामग्री उपलब्ध कराई गई और न ही आवास का निर्माण कराया गया।
एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद न राशि लौटाई गई और न ही प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला। पीड़ित दंपती ने बताया कि फिलहाल वे झोपड़ी में रहने को मजबूर हैं और इस पूरे मामले से वे आर्थिक व मानसिक रूप से अत्यंत परेशान हैं।
पीड़ितों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का वास्तविक लाभ दिलाने की मांग की है।
बाइट – धनीराम, पीड़ित

