बीच चौराहे पर फूंका गया बांग्लादेशी पीएम का पुतला—हिंदू हिंसा के ख़िलाफ़ कांग्रेस का विस्फोट…
बांग्लादेश में बढ़ती हिंसा पर जताई गहरी चिंता…
हिंदू मारे जा रहे हैं, भारत देख रहा है—बांग्लादेश हिंसा पर केंद्र सरकार कटघरे में…
सूरजपुर (छ.ग.)
बांग्लादेश में जारी राजनीतिक अस्थिरता के बीच अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रहे लगातार हमलों, हत्याओं और अत्याचारों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने गंभीर चिंता जताई है। इसी क्रम में सोमवार को कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक ज्ञापन सौंपकर भारत सरकार से कड़ी कूटनीतिक कार्रवाई की मांग की।
अंतरिम सरकार पर अल्पसंख्यकों की अनदेखी का आरोप…
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि शेख हसीना सरकार के अपदस्थ होने के बाद बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हमलों की घटनाएं तेज़ी से बढ़ी हैं। आरोप लगाया गया कि अंतरिम सरकार और वहां के प्रशासन ने हालात पर नियंत्रण पाने में विफलता दिखाई है, जिससे हिंदू समुदाय भय के माहौल में जीने को मजबूर है।
भारत सरकार की चुप्पी पर उठे सवाल…
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बांग्लादेश में धार्मिक आधार पर हो रही हिंसा न सिर्फ मानवाधिकारों का उल्लंघन है, बल्कि यह पूरे क्षेत्र की शांति के लिए भी गंभीर खतरा है। इसके बावजूद भारत सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस और सख्त संदेश नहीं दिया गया, जो बेहद चिंताजनक है।
इंदिरा गांधी जैसी दृढ़ विदेश नीति अपनाने की मांग…
ज्ञापन में प्रधानमंत्री से आग्रह किया गया कि वे इस मामले में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की तरह साहसिक और स्पष्ट कूटनीतिक रुख़ अपनाएं, ताकि बांग्लादेश सरकार पर अंतरराष्ट्रीय दबाव बनाया जा सके और वहां के हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
कांग्रेस ने दिया समर्थन का आश्वासन…
कांग्रेस नेताओं ने साफ कहा कि यदि केंद्र सरकार बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए कड़े क़दम उठाती है, तो कांग्रेस पार्टी इस फ़ैसले में सरकार के साथ खड़ी रहेगी।
सूरजपुर में उबाल, बांग्लादेशी प्रधानमंत्री का पुतला दहन…
वहीं बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश सड़कों पर फूट पड़ा।
सूरजपुर नगर के बीच चौराहे पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वर्तमान बांग्लादेश प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया और ज़ोरदार नारेबाजी करते हुए बांग्लादेश सरकार के ख़िलाफ़ विरोध दर्ज कराया।

हिंदुओं पर अत्याचार बंद करो’ के गूंजे नारे…
प्रदर्शन के दौरान “बांग्लादेश सरकार मुर्दाबाद”, “हिंदुओं पर हो रहे हमले बंद करो” और “अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करो” जैसे नारे लगाए गए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अगर बांग्लादेश सरकार ने हिंसा नहीं रोकी, तो विरोध और तेज़ किया जाएगा।

कांग्रेस का दो टूक संदेश…
कांग्रेस ने साफ शब्दों में कहा कि
“धर्म के नाम पर हो रही हिंसा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अगर केंद्र सरकार ने अब भी ठोस क़दम नहीं उठाए, तो देशभर में आंदोलन तेज़ होगा।
पुतला दहन के बाद सौंपा गया ज्ञापन…
पुतला दहन के उपरांत कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन सौंपा और मांग की कि भारत सरकार कूटनीतिक दबाव बनाकर बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करे।

ज्ञापन सौंपने वालों में ये रहे प्रमुख…
यह ज्ञापन कलेक्टर कार्यालय के माध्यम से प्रधानमंत्री को भेजा गया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस संगठन के कई वरिष्ठ एवं युवा नेता मौजूद रहे। इनमें ज़िला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सूरजपुर कुसुम लता राजवाड़े, ज़िला पंचायत सदस्य एवं अध्यक्ष युवा कांग्रेस,सूरजपुर नरेंद्र यादव,भगवती राजवाड़े,पूर्व ज़िला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश राजवाड़े, ज़िला कांग्रेस सचिव अज्जू अंसारी, ज़िला कांग्रेस महामंत्री संजय डोशी, प्रदेश सचिव शाहरुख खान, एवं आकाश साहू (अध्यक्ष, ज़िला एनएसयूआई, सूरजपुर) शामिल रहे।

