भारत समाचार 24×7.net…
सूरजपुर | 01 जनवरी 2026
नववर्ष के पहले ही दिन अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ आबकारी विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। आबकारी आयुक्त श्रीमती आर. संगीता के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर सूरजपुर श्री एस. जयवर्धन और प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी श्री अनिल कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में आबकारी वृत प्रतापपुर की टीम ने उत्तरप्रदेश प्रांत की अवैध शराब पर शिकंजा कसा।
मुखबिर की सूचना पर गोविंदपुर चौकी क्षेत्र में दबिश…
आबकारी वृत प्रतापपुर प्रभारी एवं आबकारी उप निरीक्षक श्री प्रदीप वर्मा के नेतृत्व में टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि गोविंदपुर चौकी, रेवटी, थाना चंदौरा क्षेत्र में भारी मात्रा में अवैध शराब रखकर बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।
व्हिस्की और बियर सहित 24.3 लीटर अवैध मदिरा जब्त…
कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से 8 PM व्हिस्की के लेबल लगी 750 मिली क्षमता की 06 शीशियां,180 मिली क्षमता के 60 टेट्रा पैक (कुल 15.3 लीटर विदेशी मदिरा) तथा किंगफिशर बियर के लेबल लगी 500 मिली क्षमता की 18 कैन (कुल 9 लीटर माल्ट मदिरा) इस प्रकार कुल 24.3 लीटर अवैध विदेशी मदिरा (स्प्रिट व माल्ट) बरामद कर विधिवत जप्त करते हुए सीलबंद कर आबकारी विभाग के कब्जे में लिया गया।
छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत आरोपी गिरफ्तार…
आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2), 36 एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। मामले की विवेचना आबकारी उप निरीक्षक श्री प्रदीप वर्मा द्वारा की जा रही है।
कार्रवाई में इन अधिकारियों-कर्मचारियों की रही अहम भूमिका…
इस कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक वीरेंद्र रात्रे, पारसनाथ गुप्ता, मेवालाल सोनवानी, दिनेश दुबे, आरक्षक कमलेश्वर राजवाड़े, महिला नगर सैनिक देवेंद्र कुमारी, जमुना एक्का, रूप नारायण साहू तथा वाहन चालक प्रमोद साहू और योगेंद्र पांडे का सराहनीय योगदान रहा।

