सूरजपुर। 31 December 2025…
पुराने वर्ष की विदाई और नववर्ष 2026 के स्वागत को लेकर सूरजपुर जिला पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। नए साल के जश्न में किसी भी तरह की अव्यवस्था, हुड़दंग या क़ानून-व्यवस्था में ख़लल न पड़े, इसके लिए पुलिस ने ज़िले भर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। नशे में वाहन चलाने, रैश ड्राइविंग करने या सड़क पर स्टंटबाजी करने वालों के ख़िलाफ़ इस बार सख़्त कार्रवाई तय मानी जा रही है।
डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने नववर्ष को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से ज़िले के सभी प्रमुख चौक-चौराहों, भीड़भाड़ वाले इलाक़ों, पर्यटन स्थलों और पिकनिक स्पॉट पर व्यापक सुरक्षा इंतज़ाम सुनिश्चित किए हैं। इस संबंध में उन्होंने पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर स्पष्ट निर्देश दिए कि क़ानून तोड़ने वालों के प्रति किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाए।
रात 7 बजे से विशेष गश्त और चेकिंग…
एसएसपी श्री ठाकुर के निर्देश पर 31 दिसंबर की शाम 7 बजे से देर रात 1 बजे तक ज़िलेभर में पैदल गश्त, पेट्रोलिंग और फिक्स चेकिंग प्वाइंट्स पर सघन जांच की जाएगी। इसके अलावा 1 जनवरी को दोपहर 12 बजे से रात 9 बजे तक भी चेकिंग अभियान जारी रहेगा।
ड्रंक एंड ड्राइव, रैश ड्राइविंग, दोपहिया वाहनों में तीन सवारी, बिना हेलमेट और यातायात नियमों के उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए ज़िले में 22 चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं।
7 राजपत्रित अधिकारियों सहित 500 से अधिक पुलिस बल तैनात…
नववर्ष के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मज़बूत बनाए रखने के लिए ज़िले में 7 राजपत्रित अधिकारियों, निरीक्षक स्तर के अधिकारियों और करीब 500 पुलिस अधिकारी एवं जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो ढाबों, होटलों, सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखेंगी।
सड़क पर स्टंट और हुड़दंग पर जीरो टॉलरेंस…
पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि शराब पीकर वाहन चलाने, सड़क पर स्टंट करने या हुड़दंग मचाने वालों के ख़िलाफ़ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए चिन्हांकित मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पेट्रोलिंग पार्टी तैनात की गई है। सभी सीएसपी और एसडीओपी स्वयं चौक-चौराहों पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग करेंगे।
पिकनिक स्थलों पर विशेष सतर्कता…
नववर्ष के मौक़े पर ज़िले के सभी प्रमुख पिकनिक स्पॉट पर पुलिस बल की भारी तैनाती की गई है। तैनात जवानों को निर्देश दिए गए हैं कि वे वहां आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सुरक्षा संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक करें। झरनों, जल स्रोतों, पोखरों और प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने से रोकने के साथ-साथ किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए होमगार्ड के प्रशिक्षित गोताखोरों को भी तैनात किया गया है।
आमजन से पुलिस की अपील…
डीआईजी व एसएसपी श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने ज़िले वासियों से अपील की है कि नववर्ष के अवसर पर किसी भी प्रकार की अफ़वाहों पर ध्यान न दें। यदि कोई व्यक्ति अफ़वाह फैलाने का प्रयास करता है, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की सतत निगरानी बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि नववर्ष की आड़ में असमाजिक गतिविधियों को किसी भी क़ीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आमजन से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील करते हुए उन्होंने किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9479193999 पर देने का आग्रह किया है।

