कच्चे मकान से पक्के आशियाने तक का सफर…
भारत समाचार 24×7.net…
ख़ास रिपोर्ट…
सूरजपुर | 02 जनवरी 2026
बरसात की हर रात, डर के साए में कटता था जीवन बरसात की अंधेरी रातें, छत से टपकता पानी और बच्चों की आँखों में असुरक्षा का डर—कल्याणपुर निवासी श्री भीम के लिए यह कोई कहानी नहीं, बल्कि वर्षों तक जिया गया कड़वा सच था। आर्थिक मजबूरी ने उन्हें कच्चे खपरैल मकान में रहने को मजबूर कर रखा था, जहाँ हर मौसम एक नई परीक्षा लेकर आता था।
आर्थिक तंगी बनी थी सबसे बड़ी दीवार…
श्री भीम बताते हैं कि सीमित आमदनी के चलते पक्का मकान बनाना उनके लिए एक सपना मात्र था। बरसात में पानी टपकने से घर के सामान खराब होते थे, परिवार बीमार पड़ता था और हर दिन असुरक्षा के साथ गुजरता था। हालात ऐसे थे कि चाहकर भी वे इस परेशानी से बाहर नहीं निकल पा रहे थे।
प्रधानमंत्री आवास योजना बनी उम्मीद की किरण…
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जब श्री भीम को पक्का मकान मिला, तो यह सिर्फ एक घर नहीं, बल्कि उनके जीवन में स्थायित्व, सुरक्षा और सम्मान लेकर आया। अब न बारिश का डर है, न छत गिरने की चिंता। पक्का आवास मिलने से उनका परिवार आज खुद को सुरक्षित और आत्मनिर्भर महसूस कर रहा है।
प्रशासनिक संकल्प से ज़मीनी हकीकत बन रही योजना…
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मंशानुरूप, कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री विजेंद्र सिंह पाटले के मार्गदर्शन में जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना का प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन किया जा रहा है। प्रशासन का संकल्प है कि जिले का कोई भी पात्र परिवार पक्के आवास से वंचित न रहे।
आभार में छलकती आँखें, भरोसे से भरा भविष्य…
पक्के मकान की चाबी हाथ में लेते समय श्री भीम की आँखों में खुशी साफ झलकती है। उन्होंने प्रधानमंत्री जी और शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने उनके परिवार को सम्मान के साथ जीने का हक दिया है। योजना के सफल क्रियान्वयन से जिले के सैकड़ों गरीब परिवारों की जिंदगी में इसी तरह सकारात्मक बदलाव आ रहा है।

