दो पालियों में होगी शिक्षक पात्रता परीक्षा…
Bharatsamachar24×7.net…
Special report by shabbir hasan…
सूरजपुर | 16 जनवरी 2026
छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल, रायपुर द्वारा 1 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाली छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET-26) के लिए परीक्षार्थियों हेतु महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
समय से पहले पहुंचना अनिवार्य…
ज़िला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से एक दिन पूर्व अपने परीक्षा केंद्र का अवलोकन कर लें और परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम 2 घंटे पहले केंद्र पर पहुंचें, ताकि फ्रिस्किंग और फोटो युक्त मूल पहचान पत्र से सत्यापन समय पर किया जा सके।
मुख्य द्वार बंद होने का तय समय…
प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से प्रारंभ होगी, जिसके लिए मुख्य द्वार सुबह 9:00 बजे बंद कर दिया जाएगा। वहीं द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 3:00 बजे शुरू होगी और मुख्य द्वार 2:30 बजे बंद होगा।
ड्रेस कोड का सख़्त पालन…
परीक्षार्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आना अनिवार्य है। काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी और गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े वर्जित हैं। केवल बिना पॉकेट का साधारण स्वेटर और चप्पल पहनने की अनुमति होगी।
इलेक्ट्रॉनिक सामान पूरी तरह प्रतिबंधित…
परीक्षा कक्ष में मोबाइल, स्मार्टवॉच, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, बेल्ट, स्कार्फ, टोपी एवं किसी भी प्रकार के संचार उपकरण ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। कान में किसी भी प्रकार का आभूषण पहनना भी मना है।
अनुचित साधन पर कड़ी कार्रवाई…
परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर अभ्यर्थिता तत्काल समाप्त कर दी जाएगी। परीक्षार्थी केवल काले या नीले बॉल प्वाइंट पेन लेकर आएं। धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय पहले रिपोर्ट करना होगा।

