53 हजार किसानों से 3.35 लाख मीट्रिक टन उपार्जन…
Bharatsamachar24×7.net…
ख़ास ख़बर…
✍️शब्बीर हसन…
सूरजपुर | 27 जनवरी 2026
सूरजपुर ज़िले में समर्थन मूल्य पर धान ख़रीदी ने इस बार नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन के कुशल निर्देशन और ज़िला प्रशासन की सख़्त निगरानी में अब तक 53,747 किसानों से 3,35,853.24 मीट्रिक टन धान का सफल उपार्जन किया जा चुका है। ज़िले की सभी समितियों में ख़रीदी कार्य तेज़ गति से जारी है।
प्रशासन की चौकस निगरानी, पारदर्शिता बनी प्राथमिकता…
धान ख़रीदी को पूरी तरह पारदर्शी, व्यवस्थित और निष्पक्ष बनाने के लिए ज़िला प्रशासन हर स्तर पर निगरानी कर रहा है। समितियों में ख़रीदी, तौल, भंडारण और परिवहन की लगातार समीक्षा की जा रही है ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।

रकबा समर्पण से फर्जी खरीदी पर लगाम…
वास्तविक उत्पादन के आधार पर धान ख़रीदी सुनिश्चित करने हेतु रकबा समर्पण प्रक्रिया को सख़्ती से लागू किया गया है। अब तक 39,031 किसानों ने 3,414.5117 हेक्टेयर कृषि भूमि का रकबा समर्पित किया है, जिससे फर्जी उपार्जन और अवैध धान पर प्रभावी नियंत्रण संभव हुआ है।

संयुक्त जांच टीम का बड़ा एक्शन, 81 प्रकरण दर्ज…
अनियमितताओं पर नकेल कसते हुए ज़िला प्रशासन की संयुक्त जांच टीम ने समिति, मिलर्स और बिचौलियों के विरुद्ध 81 गंभीर प्रकरण निर्मित किए हैं। जांच के दौरान 2,297.45 मीट्रिक टन अवैध धान ज़ब्त कर कार्रवाई की गई, जिससे अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

गड़बड़ी पर ज़ीरो टॉलरेंस, प्रशासन की दो टूक चेतावनी…
ज़िला प्रशासन ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि धान ख़रीदी में किसी भी प्रकार की धांधली, अवैध परिवहन या बिचौलियों की भूमिका को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों पर कठोर क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी।
किसानों से अपील, अधिकृत समितियों में ही करें विक्रय…
प्रशासन ने ज़िले के किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करते हुए केवल अधिकृत उपार्जन केंद्रों के माध्यम से ही धान का विक्रय करें। शेष बचे किसानों के उपार्जित धान की ख़रीदी के लिए समितियों में पुख़्ता और पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

