महंगाई पर चुप्पी, बेरोज़गारी पर धोख़ा – बजट 2026 पर तीख़ा प्रहार…
भारत समाचार 24×7.net..
विशेष रिपोर्ट…
शब्बीर हसन…
बिश्रामपुर | 01 फरवरी 2026…
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सह संयुक्त महामंत्री अनुपम फिलिप ने केंद्रीय बजट 2026 को आमजन विरोधी बताते हुए कहा कि यह बजट देश के करोड़ों नागरिकों के लिए नहीं, बल्कि चुनिंदा कॉर्पोरेट घरानों के हित में पेश किया गया है।
कॉर्पोरेट के हवाले प्राकृतिक संसाधन…
अनुपम फिलिप ने कहा कि बजट का पूरा फोकस दुर्लभ खनिज और बहुमूल्य प्राकृतिक संसाधनों को बड़े उद्योगपतियों के हाथों सौंपने पर है। आम जनता और राज्यों के हितों की पूरी तरह अनदेखी की गई है।
बेरोज़गार युवाओं के लिए कोई ठोस योजना नहीं…
कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने बेरोज़गार युवाओं को “आकांक्षी युवा” का नाम तो दे दिया, लेकिन शिक्षित युवाओं के लिए न तो सीधी रोज़गार योजना है और न ही बेरोज़गारी भत्ते का कोई प्रावधान।

छत्तीसगढ़ की फिर हुई उपेक्षा…
उन्होंने कहा कि राज्य की वन संपदा का अंधाधुंध दोहन करने के बावजूद छत्तीसगढ़ को बजट में कुछ भी विशेष नहीं मिला। केंद्र सरकार की नज़र में छत्तीसगढ़ केवल कर वसूली का ज़रिया बनकर रह गया है।
महंगाई, स्वास्थ्य और शिक्षा पर चुप्पी…
अनुपम फिलिप ने कहा कि आम जनता महंगाई, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और रोज़गार जैसे बुनियादी मुद्दों पर ठोस फ़ैसलों की उम्मीद कर रही थी, लेकिन बजट में इन सभी विषयों पर निराशा हाथ लगी है।
किसान और छोटे उद्योग सबसे ज़्यादा प्रभावित…
कृषि क्षेत्र में कम आवंटन से किसान निराश हैं। वहीं पूंजीगत व्यय में गिरावट से छोटे और मंझोले उद्योगों के अस्तित्व पर संकट मंडराने लगा है।
न टैक्स स्लैब में राहत, न निवेशकों को सहारा…
टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं किया गया। लगातार गिरते शेयर बाज़ार से भारतीय निवेशकों को भारी नुकसान हुआ, इसके बावजूद शेयर बाज़ार से जुड़े टैक्स में कोई राहत नहीं दी गई।
महिलाओं और अंत्योदय वर्ग के लिए शून्य बजट…
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि इस बजट में महिलाओं और अंत्योदय वर्ग के लिए कोई नई योजना नहीं है। बहुजन समाज को एक बार फिर ठगा गया है।

कुल मिलाकर कॉर्पोरेट बजट…
अनुपम फिलिप ने निष्कर्ष निकालते हुए कहा कि केंद्रीय बजट 2026 पूरी तरह कॉर्पोरेट बजट बनकर रह गया है, जिससे आम जनता को कोई वास्तविक लाभ नहीं मिलने वाला।

