मैट्रिक परीक्षा में एंट्री नहीं मिली तो छात्रा ने ट्रेन से कूदकर दे दी जान — शिक्षा व्यवस्था कटघरे में…
भारत समाचार 24×7.net…
✍️शब्बीर हसन…
विशेष रिपोर्ट…
पटना/मसौढ़ी (बिहार):
बिहार की धरती से एक ऐसी दर्दनाक ख़बर सामने आई है, जिसने पूरे देश की अंतरात्मा को झकझोर दिया है। दसवीं (मैट्रिक) की परीक्षा देने जा रही एक मासूम छात्रा — कोमल कुमारी — को मात्र कुछ मिनट देरी से पहुंचने के कारण परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया। अपमान, निराशा और टूटे सपनों का बोझ इतना भारी पड़ा कि उसने चलती ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। यह घटना पटना ज़िले के मसौढ़ी क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां परीक्षा सुबह 9 बजे शुरू होनी थी। छात्रा लगभग 9 बजकर 10–15 मिनट पर केंद्र पहुंची। गेट बंद हो चुका था। गुहार लगाई गई, लेकिन नियमों की दीवार इंसानियत से ऊंची साबित हुई। कुछ ही घंटों बाद वही बच्ची, जिसके हाथ में एडमिट कार्ड और आंखों में भविष्य के सपने थे, नादौल स्टेशन के पास ट्रेन से कूद गई।

❓ क्या 10 मिनट की देरी, मौत की सज़ा बन सकती है?
यह सवाल आज हर मां-बाप, हर छात्र और हर नागरिक पूछ रहा है। क्या परीक्षा प्रणाली इतनी कठोर हो चुकी है कि उसमें मानवीय संवेदना के लिए कोई स्थान नहीं? प्रधानमंत्री Narendra Modi वर्षों से “पढ़ेगा इंडिया, तभी बढ़ेगा इंडिया” का मंत्र देते आए हैं। लेकिन क्या इस तरह की घटनाएं उस संकल्प पर सवाल नहीं खड़ा करतीं? क्या 2, 4 या 10 मिनट की देरी किसी छात्र का पूरा भविष्य छीन लेने का आधार बन सकती है? क्या परीक्षा केंद्रों को परिस्थितियों के आधार पर विवेकपूर्ण निर्णय लेने की छूट नहीं होनी चाहिए?
⚖️ शासन और शिक्षा तंत्र पर गंभीर सवाल…
यह केवल एक छात्रा की मौत नहीं, बल्कि व्यवस्था की संवेदनहीनता का प्रतीक बन चुकी है। अगर छात्रा समय से थोड़ा लेट थी — तो क्या उसे चेतावनी देकर बैठाया नहीं जा सकता था? क्या नियमों का पालन इंसानियत से ऊपर है? इस मामले में परीक्षा केंद्र प्रशासन की भूमिका पर निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों की जवाबदेही तय हो।
भविष्य में ऐसे मामलों के लिए “मानवीय आपात प्रोटोकॉल” बनाया जाए।
🚨 दोषियों पर सख़्त कार्रवाई की मांग…
भारत समाचार 24×7 मांग करता है कि:
० पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच हो।
० संबंधित परीक्षा केंद्र प्रभारी व ज़िम्मेदार अधिकारियों को तत्काल निलंबित किया जाए।
० पीड़ित परिवार को पर्याप्त आर्थिक सहायता और न्याय मिले।
परीक्षा नियमों में मानवीय लचीलापन जोड़ा जाए।
💔 एक सवाल, जो हमेशा गूंजेगा…
आज कोमल कुमारी नहीं रही…
लेकिन उसका सवाल ज़िंदा है —
“क्या मेरे सपनों की क़ीमत सिर्फ 10 मिनट थी?”
अगर शिक्षा व्यवस्था में संवेदना नहीं, तो वह सिर्फ नियमों का ढांचा रह जाती है — भविष्य गढ़ने का माध्यम नहीं।

