वर्दी पर दाग: ASI पर रिश्तों को शर्मसार करने वाला आरोप, न्याय के लिए भटक रही पीड़िता…
भारत समाचार 24×7.net…
विशेष रिपोर्ट…
शब्बीर हसन…
बैकुंठपुर (कोरिया)। छत्तीसगढ़ के कोरिया ज़िले से एक बेहद शर्मनाक और विचलित कर देने वाली घटना सामने आई है। बैकुंठपुर में पदस्थ एक सहायक उपनिरीक्षक (ASI) पर अपनी ही विधवा भाभी के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। यह घटना न केवल रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करती है, बल्कि ख़ाकी वर्दी की गरिमा पर भी बड़ा सवाल खड़ा करती है।
रिश्तों की मर्यादा हुई तार-तार…
पीड़िता के अनुसार आरोपी ASI अपने भाई की मृत्यु के बाद से ही अपनी भाभी पर बुरी नज़र रखे हुए था। आरोप है कि मौक़े का फायदा उठाकर उसने अपनी ही भाभी के साथ ज़बरदस्ती की। जिस देवर को समाज में भाई समान माना जाता है, उसी पर अब दरिंदगी का आरोप लगने से इलाक़े में आक्रोश और हैरानी का माहौल है।
न्याय मांगने पहुंची पीड़िता को मिली प्रताड़ना…
पीड़िता जब अपनी आपबीती लेकर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के पास पहुंची, तो उसे न्याय और सुरक्षा देने के बजाय कथित तौर पर गालियां दी गईं और धमकाकर थाने से भगा दिया गया। पीड़िता का आरोप है कि विभाग के ज़िम्मेदार अधिकारियों ने उसकी शिकायत को गंभीरता से लेने के बजाय उसे डराने-धमकाने की कोशिश की।

व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल…
यह मामला सामने आने के बाद पुलिस व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यदि क़ानून के रक्षक ही अपनी शक्ति का दुरुपयोग करेंगे और पीड़ित को ही प्रताड़ित किया जाएगा, तो आम जनता न्याय की उम्मीद किससे करेगी?
अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और पीड़िता को न्याय कब तक मिल पाता है।

