स्कूल में शिक्षक नदारद, नशे में पहुंचे गुरुजी—बच्चों ने खोली पोल…
भारत समाचार 24×7.net…
विशेष रिपोर्ट….
✍️शब्बीर हसन…
13 मार्च 2026…
ज़िला सूरजपुर के रमानुजनगर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत खोखरी पारा (साल्ही) में शिक्षा व्यवस्था की लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। पत्रकारों की टीम जब पंचायत से आमगांव खदान की ओर जा रही थी, तब रास्ते में कुछ छात्र-छात्राओं को यूनिफॉर्म में सड़कों पर घूमते हुए देखा गया। शक होने पर टीम ने स्कूल पहुंचकर मौक़े की जांच की, जहां स्कूल में एक भी शिक्षक मौजूद नहीं मिला।

बच्चों ने बताया—दोपहर में स्कूल छोड़कर चले गए थे शिक्षक…
स्कूल में मौजूद बच्चों से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि शिक्षक क़रीब 1 बजे दोपहर स्कूल से चले गए थे और 2:40 बजे तक वापस नहीं लौटे थे। इसी बीच किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा सूचना मिलने पर कि स्कूल में पत्रकारों की टीम पहुंची हुई है, तब शिक्षक जल्दबाज़ी में स्कूल पहुंचे।

शिक्षक के मुंह से आ रही थी शराब की बदबू, पूछताछ में स्वीकार किया सेवन…
जब पत्रकारों की टीम ने शिक्षक बेसाहू राम मरकाम से बातचीत करने की कोशिश की, तो उनके मुंह से शराब की बदबू आ रही थी। कड़ी पूछताछ में उन्होंने शराब का सेवन करने की बात स्वीकार भी कर ली। इस घटना ने स्कूल में अनुशासन और ज़िम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
दूसरा शिक्षक कई दिनों से बिना सूचना के नदारद…
पूछताछ के दौरान शिक्षक ने बताया कि स्कूल में उनके अलावा एक और शिक्षक हरिनंदन सिंह पदस्थ हैं, जो पिछले 5-6 दिनों से बिना किसी सूचना के स्कूल से नदारद हैं। बच्चों ने भी बताया कि स्कूल में अक्सर इसी तरह अनियमितता बनी रहती है और पढ़ाई का कोई नियमित टाइम टेबल नहीं चलता।
अधिकारियों को दी गई जानकारी, जांच का आश्वासन…
इस पूरे मामले की जानकारी संकुल समन्वयक रमेश साहू को दी गई, साथ ही विकासखंड शिक्षा अधिकारी डी. एस. लकड़ा को भी अवगत कराया गया। अधिकारियों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। ग़ौरतलब है कि कलेक्टर के निर्देश के बाद भी क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।

