कुत्तों का कहर या सिस्टम की लापरवाही? 15 हिरणों की मौत से उठा सवाल…
संजय पार्क कांड: 15 हिरणों की मौत, शव जलाकर दबाने की कोशिश!…
भारत समाचार 24×7.net…
विशेष रिपोर्ट…
✍️शब्बीर हसन…
अंबिकापुर | 22 मार्च |2026
अंबिकापुर शहर के संजय पार्क से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कुत्तों के हमले में 15 हिरणों की मौत हो गई। इस घटना ने वन विभाग और पार्क प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की पुष्टि स्वयं डीएफओ अभिषेक जोगावत ने की है।

🟥 लापरवाही से गई 15 बेज़ुबानों की जान…
डीएफओ अभिषेक जोगावत ने स्वीकार किया कि यह घटना पार्क प्रबंधन और वन विभाग की लापरवाही का परिणाम है। जानकारी के अनुसार, 4 से 5 आवारा कुत्ते संजय पार्क के बाड़े में घुस गए और हिरणों पर हमला कर दिया, जिससे 14 हिरणों की मौक़े पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य हिरण की भी बाद में मौत हो गई।

🟥 मामला दबाने की कोशिश, जंगल में जलाए गए शव…
घटना को दबाने के लिए पार्क प्रबंधन और वन विभाग द्वारा कथित तौर पर 14 मृत हिरणों के शव को चुपचाप पार्क के पीछे जंगल में जला दिया गया। हैरानी की बात यह है कि एक हिरण का शव अब भी बाड़े में पड़ा हुआ मिला, जिससे पूरे मामले की पोल खुल गई।

🟥 जांच के लिए टीम गठित, 2 दिन में रिपोर्ट…
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएफओ अभिषेक जोगावत ने एसडीओ के नेतृत्व में जांच टीम का गठन कर दिया है। टीम को निर्देश दिए गए हैं कि 2 दिनों के भीतर पूरी रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
🟥 अधिकारियों का मौक़े पर पहुंचना…
घटना की जानकारी मिलते ही डीएफओ सहित वन विभाग के अधिकारी संजय पार्क पहुंचे और स्थिति का जायज़ा लिया। इस दौरान स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता ए.एन. पाण्डेय ने भी इस पूरे मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी।
🟥 जनता में आक्रोश, ज़िम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग…
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

