ज़िला प्रशासन और कांग्रेस नेताओं के बीच हुई तीख़ी नोकझोंक…
भाजपा सरकार और ज़िला प्रशासन के ख़िलाफ जमकर नारेबाज़ी…
ख़राब सड़कों के मुद्दे पर ज़िला प्रशासन को घेरा…
भारत समाचार 24×7.net…
विशेष रिपोर्ट…
✍️शब्बीर हसन…
5 अगस्त 2026 बुधवार…
सूरजपुर। ज़िले की जर्जर सड़कों के विरोध में ज़िला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को NH-43 रिंग रोड के समीप चक्का जाम कर ज़ोरदार प्रदर्शन किया। धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

प्रशासन और सरकार पर लगाए गंभीर आरोप…
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष (ग्रामीण) ज़फर हैदर (वीरु), वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय दोसी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने आरोप लगाया कि ख़राब सड़कों को लेकर कई बार शिकायतें करने के बावजूद प्रशासन और संबंधित विभाग ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ नारेबाज़ी की और आरोप लगाया कि ज़िला प्रशासन निष्पक्ष रूप से कार्य करने के बजाय सत्ता पक्ष के दबाव में काम कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पीडब्ल्यूडी सहित अन्य विभागों में केवल औपचारिकता निभाई जा रही है, जबकि जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा।

अधिकारियों से तीख़ी बहस, मौके पर पहुंचे पीडब्ल्यूडी अधिकारी…
प्रदर्शन शुरू होते ही तहसील प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौक़े पर पहुंचे और प्रदर्शन समाप्त करने की अपील की। कांग्रेस नेताओं ने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता को मौक़े पर बुलाने की मांग रखी। इसके बाद विभाग के कार्यपालन अभियंता ललित मौक़े पर पहुंचे, जहां अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी देर तक चर्चा और बहस हुई।

एक सप्ताह का अल्टीमेटम, उग्र आंदोलन की चेतावनी…
चर्चा के बाद पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने ख़राब सड़कों की मरम्मत शुरू करने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा। इस आश्वासन पर कांग्रेस ने फिलहाल प्रदर्शन समाप्त कर दिया। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर सड़क मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हुआ तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी ज़िम्मेदारी प्रशासन और संबंधित विभाग की होगी।

प्रशासन की मौजूदगी में बनी सहमति, समाप्त हुआ धरना…
धरना-प्रदर्शन के दौरान जिला प्रशासन की ओर से सूरजपुर तहसीलदार सूर्यकांत साय, कोतवाली थाना सूरजपुर प्रभारी एलरिक लकड़ा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौक़े पर मौजूद रहे। अधिकारियों, लोक निर्माण विभाग एवं कांग्रेस नेताओं के बीच हुई विस्तृत चर्चा के बाद सड़क मरम्मत कार्य एक सप्ताह के भीतर शुरू कराने पर सहमति बनी। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना चक्का जाम और धरना-प्रदर्शन समाप्त करने की घोषणा की।



