🔴 स्कूल बस में सवार बच्चों के सामने हुआ पूरा बवाल…
🔴 चालक की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मामला…
🔴 आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज…
🔴 बच्चों की सुरक्षा पर खड़े हुए गंभीर सवाल…
🔴 घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल…
भारत समाचार 24×7.net…
विशेष रिपोर्ट…
✍️शब्बीर हसन…
3 अगस्त 2026 सोमवार…
बिश्रामपुर। एसईसीएल के अनुबंध के तहत संचालित स्कूल बस में कथित रूप से मुफ्त यात्रा को लेकर बस चालक और एक निजी सुरक्षा गार्ड के बीच विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि बस नहीं रोकने से नाराज सुरक्षा गार्ड ने बाइक से बस का पीछा कर उसे रास्ते में रुकवाया और चालक पर बंदूक तानकर गाली-गलौज व मारपीट की। घटना के दौरान बस में छात्र-छात्राएं मौजूद थे, जिससे उनमें दहशत का माहौल बन गया।
🔴 बस रोकने के लिए किया पीछा…
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 3 अगस्त की सुबह क़रीब 9 बजे एसईसीएल अनुबंध की स्कूल बस कॉलेज के छात्रों को लेकर अंबिकापुर जा रही थी। इसी दौरान आरटीआई कॉलोनी निवासी निजी सुरक्षा गार्ड मंगला यादव ने बस को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने स्कूल बस होने और बीच रास्ते नहीं रुकने की बात कहते हुए बस आगे बढ़ा दी।
🔴 काली मंदिर के पास जबरन रुकवाई बस…
आरोप है कि बस नहीं रुकने से नाराज़ गार्ड ने एक राहगीर की बाइक से बस का पीछा किया और बिश्रामपुर-भटगांव मार्ग स्थित काली मंदिर के पास बस को जबरन रुकवा लिया। इसके बाद बस चालक से बस नहीं रोकने का कारण पूछते हुए विवाद शुरू हो गया।
🔴 छात्रों के सामने बंदूक तानने और मारपीट का आरोप…
चालक द्वारा स्कूल बस होने के कारण रास्ते में बस नहीं रोकने की बात कहने पर विवाद बढ़ गया। शिकायत के मुताबिक, गार्ड ने चालक पर बंदूक तान दी और गाली-गलौज करते हुए बंदूक के बट तथा लात-घूंसों से मारपीट की। इस दौरान बस में मौजूद छात्र-छात्राएं सहम गए।
🔴 वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल…
घटना से संबंधित वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रही है। मामले ने स्कूल बसों में सफर करने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा और निजी सुरक्षा गार्डों के व्यवहार को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
🔴 चालक की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मामला…
बस चालक रविंद्र पासवान की शिकायत पर बिश्रामपुर पुलिस ने आरोपी निजी सुरक्षा गार्ड मंगला यादव के ख़िलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा 30 तथा बीएनएस की धाराओं 115(2), 126(2), 296(बी) और 351(3) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
🔴 एसईसीएल प्रबंधन को भी दी गई शिकायत…
घटना के बाद बस संचालक की ओर से एसईसीएल प्रबंधन और बिश्रामपुर थाने में लिखित शिकायत दी गई है। प्रारंभिक जानकारी में विवाद की वजह स्कूल बस में मुफ्त यात्रा को लेकर पुराना विवाद बताया जा रहा है। पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होगी।
🔥 छात्रों की सुरक्षा पर उठे सवाल…
चलती स्कूल बस को रोककर चालक से कथित मारपीट और बंदूक तानने की घटना ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जांच में पूरे मामले की वास्तविकता क्या सामने आती है और ज़िम्मेदार लोगों पर आगे क्या कार्रवाई होती है।

