डीजे वाहन के पेड़ से टकराते ही टूटा मधुमक्खियों का छत्ता, मची भगदड़ — जान बचाने खेतों में छिपे कार्यकर्ता…
भारत समाचार 24×7.net…
विशेष रिपोर्ट…
✍️शब्बीर हसन…
देवास, मध्य प्रदेश। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को देवास ज़िले के विजयागंज मंडी क्षेत्र में भाजपा की तिरंगा यात्रा के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मधुमक्खियों के झुंड ने यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया। घटना में क़रीब 40 से 50 भाजपा कार्यकर्ताओं के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
डीजे वाहन छत्ते से टकराया और मच गया हमला…
बताया गया कि तिरंगा यात्रा के साथ चल रहा डीजे उपकरण वाला वाहन सड़क किनारे पेड़ पर बने मधुमक्खियों के छत्ते से टकरा गया। छत्ता टूटते ही सैकड़ों मधुमक्खियां भड़क उठीं और रैली में शामिल लोगों पर हमला कर दिया। क़रीब 500 से अधिक कार्यकर्ताओं के शामिल होने की बात भी सामने आई है।
जान बचाने खेतों में छिपे कार्यकर्ता…
मधुमक्खियों के अचानक हमले से यात्रा में भगदड़ की स्थिति बन गई। कई कार्यकर्ता अपनी जान बचाने के लिए आसपास के सोयाबीन के खेतों में जा छिपे। बाद में उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में उपचार के लिए ले जाया गया।
एक कार्यकर्ता को क़रीब 200 डंक, हालत गंभीर…
महात्मा गांधी ज़िला चिकित्सालय के डॉक्टर कमल किशोर के अनुसार अस्पताल में छह घायल लोगों को लाया गया था। इनमें एक व्यक्ति की हालत गंभीर थी, जिसे क़रीब 200 मधुमक्खियों ने डंक मारे। उपचार के बाद अन्य घायलों की स्थिति फिलहाल सामान्य और नियंत्रण में बताई गई है।
⚠️ मीडिया एजेंसीस फैक्ट नोट…
सोशल मीडिया पर इसे “40 से ज्यादा नेताओं के चेहरे सूज गए” और “सिर्फ डीजे की तेज आवाज़ से मधुमक्खियां भड़क गईं” जैसे दावों के साथ शेयर किया जा रहा है। उपलब्ध रिपोर्टों के मुताबिक अधिक सटीक तथ्य यह है कि डीजे वाहन मधुमक्खियों के छत्ते से टकराया, जिसके बाद हमला हुआ और क़रीब 40-50 कार्यकर्ता घायल हुए।

