Bharatsamachar24×7.net
सूरजपुर | 30 दिसंबर 2025…
सरगुजा संभाग, जो कि अनुसूचित जनजाति बाहुल्य क्षेत्र के रूप में जाना जाता है, खेल प्रतिभाओं से भरपूर माना जाता है। यहां के युवाओं में खेलों के प्रति स्वाभाविक रुचि और अपार क्षमता को पहचान कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा सरगुजा ओलंपिक 2025-26 का आयोजन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री की मंशा, सरकार की पहल…
यह भव्य खेल आयोजन मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप तथा खेल मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री (खेल एवं युवा कल्याण विभाग) श्री अरुण साव के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता आदिवासी अंचल के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगी।

युवाओं की प्रतिभा को मिलेगी नई पहचान…
सरगुजा ओलंपिक का मुख्य उद्देश्य शासन और जनता के बीच मजबूत एवं प्रत्यक्ष संबंध स्थापित करना है, साथ ही युवाओं की रचनात्मक और खेल प्रतिभा को निखारना है। यह आयोजन निश्चित रूप से क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
तीन स्तरों पर होंगी प्रतियोगिताएं…
सरगुजा ओलंपिक 2025-26 के अंतर्गत कुल 12 खेलों की प्रतियोगिताएं विकासखण्ड, जिला एवं संभाग स्तर पर आयोजित की जाएंगी, जिससे ग्रामीण अंचल तक के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।
आयोजन की प्रमुख तिथियां…
पंजीयन अवधि: 28 दिसंबर 2025 से 12 जनवरी 2026 तक
विकासखण्ड स्तरीय आयोजन: 15 जनवरी से 18 जनवरी 2026
जिला स्तरीय आयोजन: 22 जनवरी से 25 जनवरी 2026
संभाग स्तरीय आयोजन: 28 जनवरी से 31 जनवरी 2026
(उक्त तिथियां खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ की अनुमति के पश्चात परिवर्तनीय हो सकती हैं।)

ऑनलाइन व ऑफलाइन पंजीयन की सुविधा…
सरगुजा ओलंपिक हेतु प्रतिभागियों के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
ऑनलाइन पंजीयन लिंक: rymc.cg.gov.in/
sargujaOlympic2025…
वहीं ऑफलाइन पंजीयन संबंधित कार्यालयों के माध्यम से किया जा सकेगा।
कलेक्टर ने दिए आवश्यक निर्देश…
कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन ने विकासखण्ड, जिला एवं प्रत्येक गांव से अधिक से अधिक युवाओं का पंजीयन सुनिश्चित करने, समुचित आयोजन संचालन तथा जिला स्तर पर कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।
शामिल खेल प्रतियोगिताएं…
व्यक्तिगत खेल…
एथलेटिक्स (100 मी., 200 मी., 400 मी., लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो, 4×100 मी. रिले), तीरंदाजी (इंडियन राउंड), बैडमिंटन, कुश्ती एवं कराते।
दलीय खेल…
फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, रस्साकसी एवं बास्केटबॉल।
इन जिलों की होगी भागीदारी…
सरगुजा ओलंपिक में सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर एवं जशपुर जिले भाग लेंगे।

