नियम तोड़ने वालों पर गिरी गाज, 86 सीएससी तत्काल बंद…
भारत समाचार 24×7.net…
सुरजपुर | 08 जनवरी 2026
ज़िले में डिजिटल सेवाओं में लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आम जनता को सरकारी और डिजिटल सुविधाएं देने वाले कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) अब प्रशासन की सख़्त निगरानी में आ गए हैं। निर्धारित मानकों की अनदेखी करने पर सीएससी मुख्यालय, नई दिल्ली के निर्देश पर ज़िले में बड़ी कार्रवाई की गई है।
व्यापक जांच के बाद बड़ी कार्रवाई…
86 सीएससी की आईडी बंद, 500 निष्क्रिय पर संकट…
सीएससी व्यवस्था की व्यापक समीक्षा और फील्ड वेरिफिकेशन के बाद प्रशासन ने 86 कॉमन सर्विस सेंटर की आईडी तत्काल प्रभाव से बंद कर दी है। इसके साथ ही 500 से अधिक निष्क्रिय सीएससी आईडी चिन्हित की गई हैं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से बंद किया जाएगा। यह कार्रवाई ज़िले में डिजिटल सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में बड़ा क़दम मानी जा रही है।
निरीक्षण में उजागर हुई गंभीर अनियमितताएं…
फर्ज़ी पते, एक आईडी कई जगहों पर इस्तेमाल…
सीएससी सुरजपुर के ज़िला प्रबंधक एन.डी. तिवारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कई केंद्र स्थायी और निर्धारित पते के बिना संचालित पाए गए। कुछ संचालक एक ही आईडी का उपयोग अलग-अलग स्थानों पर कर रहे थे। इसके अलावा कई केंद्रों में सरकार द्वारा अनिवार्य कॉमन ब्रांडिंग, बैनर, सेवा सूची और रेट चार्ट भी नहीं लगाए गए थे।
अब नियमों का सख़्ती से पालन अनिवार्य…
स्थायी कार्यालय, ब्रांडिंग और पुलिस सत्यापन ज़रूरी…
ज़िला प्रबंधक ने साफ किया कि आगे केवल वही सीएससी संचालित होंगे, जो सभी नियमों और शर्तों का पूर्ण पालन करेंगे।
० प्रत्येक सीएससी का स्थायी कार्यालय होना अनिवार्य होगा..
० स्टेट लोगो और सीएससी नाम के साथ बैनर व सूची निर्धारित प्रारूप में लगानी होगी…
० सभी वीएलई के लिए पुलिस सत्यापन प्रमाण पत्र अनिवार्य…
० प्रत्येक लेन-देन प्रतिदिन सीएससी पोर्टल के माध्यम से ही किया जाएगा…
सुधार के बाद मिलेगा दूसरा मौक़ा…
मानक पूरे करने पर पुनः संचालन संभव…
जिन कॉमन सर्विस सेंटर की आईडी बंद की गई है, उन्हें आवश्यक सुधार कर सभी मानकों को पूरा करने के बाद ज़िला प्रबंधक से संपर्क करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है—डिजिटल सेवाओं में लापरवाही नहीं, केवल गुणवत्ता और पारदर्शिता।

