पोल्ट्री फार्म से लेकर मंडी गोदाम तक सील, 15 हज़ार से ज़्यादा बोरी धान गायब…
भारत समाचार 24×7…
विशेष रिपोर्ट…
सूरजपुर |शब्बीर हसन ! 16 जनवरी 2026
कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देश पर ज़िले में अवैध धान भंडारण और परिवहन के ख़िलाफ़ प्रशासन ने सख़्त रुख़ अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर पोल्ट्री फार्म, राइस मिल और मंडी गोदाम को सील किया गया है।
▶️ पोल्ट्री फार्म बना अवैध गोदाम…
तहसील प्रतापपुर के ग्राम चंदौरा स्थित प्रदीप जायसवाल के पोल्ट्री फार्म में अवैध रूप से धान भंडारण का खुलासा हुआ। मौक़े से 500 बोरी धान, ट्रैक्टर में लदी 130 बोरी धान और 28 गट्ठर ख़ाली जूट बोरी ज़ब्त की गई। अनियमितता पाए जाने पर पोल्ट्री फार्म को सील कर दिया गया।

▶️ राइस मिल और मंडी गोदाम में भारी गड़बड़ी…
जेडी राइस मिल शांतिनगर के भौतिक सत्यापन में 2000 बोरी चावल और 550 बोरी धान मिला, जबकि कृषि उपज मंडी समिति गोदाम में 3000 बोरी धान पाया गया। ऑनलाइन स्टॉक से तुलना में 15643 बोरी धान कम पाए जाने पर गोदाम को सील कर धान-चावल ज़प्त किया गया।

▶️ रात में अवैध परिवहन पर भी शिकंजा…
रामानुजनगर क्षेत्र में अवैध रूप से धान का परिवहन करते एक वाहन को पकड़ा गया। वाहन सहित लगभग 70 बोरी धान ज़प्त कर थाना रामानुजनगर में सुरक्षार्थ सुपुर्द किया गया।

▶️ संयुक्त टीम की कार्रवाई…
इस पूरे अभियान में एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, फूड इंस्पेक्टर, राजस्व अमला और पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।

