Bharatsamachar24×7.net…
Special report…
सूरजपुर | 16 जनवरी 2026
महालेखाकार छत्तीसगढ़, रायपुर के निर्देश पर सूरजपुर ज़िले में सामान्य भविष्य निधि (GPF) से जुड़े लंबित और जटिल मामलों के त्वरित समाधान के लिए तीन दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 28, 29 और 30 जनवरी 2026 को जनपद पंचायत सूरजपुर के सभाकक्ष में आयोजित होगा।
सेवानिवृत्त व दिवंगत कर्मचारियों के प्रकरणों का होगा निपटारा…
शिविर में उन सेवानिवृत्त कर्मचारियों के मामलों का निराकरण किया जाएगा, जिनका जीपीएफ अंतिम भुगतान प्रकरण अब तक महालेखाकार कार्यालय में प्रस्तुत नहीं हो पाया है। इसके अलावा ऋणात्मक शेष (नेगेटिव बैलेंस) वाले प्रकरण, सेवानिवृत्त या दिवंगत कर्मचारियों के लंबित जीपीएफ खाते भी शामिल रहेंगे।
मिसिंग क्रेडिट मामलों को भी मिलेगी राहत…
ऐसे कर्मचारी जिनके जीपीएफ खाते में अंशदान की राशि जमा नहीं हो सकी है, उनके मिसिंग क्रेडिट से जुड़े मामलों का भी इस शिविर में समाधान किया जाएगा।
डीडीओ को निर्देश, दस्तावेजों के साथ करें प्रस्तुत…
सूरजपुर ज़िले के समस्त आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (DDO) को निर्देशित किया गया है कि वे अपने विभागों से संबंधित सभी लंबित जीपीएफ प्रकरणों को आवश्यक दस्तावेजों सहित निर्धारित तिथियों में शिविर में प्रस्तुत करें, ताकि समयबद्ध और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित हो सके।

