शराब, साज़िश और तलवार: पत्नी ने कराई पति की हत्या…
40 हज़ार में मौत का सौदा: पत्नी, मामा और सुपारी किलर्स गिरफ़्तार…
भारत समाचार24×7.net…
ख़ास रिपोर्ट…
✍️शब्बीर हसन…
बलौदा बाज़ार! छत्तीसगढ़! 18 जनवरी 2026
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार ज़िले में हथबंद–भाटापारा रेलवे लाइन के पास एक युवक का सिर कटा शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। 11 जनवरी 2026 की सुबह क़रीब 4:30 बजे ग्रामीणों ने ट्रैक पर शव पड़ा देखा, जिसके बाद हथबंद थाना पुलिस को सूचना दी गई।
मौक़े पर पहुंची पुलिस, सिर ग़ायब…
सूचना मिलते ही पुलिस मौक़े पर पहुंची। जांच में पाया गया कि शव का सिर मौक़े से ग़ायब था। गला धारदार हथियार से काटे जाने के स्पष्ट निशान मिले। पुलिस ने शव को क़ब्ज़े में लेकर मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

पहचान बनी पुलिस के लिए चुनौती…
सिर न होने के कारण शव की पहचान पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई थी। मृतक के दाहिने हाथ की कलाई पर अंग्रेज़ी में लिखे नाम “G.K. JOSHI” के आधार पर पुलिस ने जांच की दिशा तय की।

चार दिन में हुई मृतक की पहचान…
लगभग 80 जवानों की टीम ने चार दिनों तक सघन तलाशी अभियान चलाया। आसपास के गांवों में पूछताछ, सोशल मीडिया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान गैस कुमार जोशी (39), निवासी ग्राम भोथीडीह, ज़िला बेमेतरा के रूप में हुई।
पत्नी पर गया शक, पूछताछ में टूटी चुप्पी…
मृतक की पहचान होते ही पुलिस ने उसकी पत्नी कुसुम जोशी (35) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन सख़्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या की साज़िश रचने की बात स्वीकार कर ली।

घरेलू विवाद बना हत्या की वजह…
पुलिस के मुताबिक़ मृतक अपनी पत्नी को अननेचुरल सेक्स के लिए परेशान करता था और दूसरे मर्दों के साथ भी संबंध बनाने के लिए अनावश्यक दबाव बनाता था। इससे परेशान होकर पत्नी ने अपने मामा को पूरी बात बताई और पति को रास्ते से हटाने की साज़िश रची।
40 हज़ार में तय हुई हत्या की सुपारी…
साज़िश के तहत मामा राजेश भारती (32) की मदद से दो सुपारी किलर्स से संपर्क किया गया। चारों के बीच 40 हज़ार रुपये में हत्या का सौदा तय हुआ। योजना के अनुसार आरोपी पहले से ही मामा के घर मौजूद थे।

शराब पिलाकर की गई मारपीट…
घटना वाले दिन मृतक को बहाने से मामा के घर बुलाया गया, जहां उसे शराब पिलाई गई। नशे की हालत में पत्नी समेत चार लोगों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे वह बेहोश हो गया।
20 किमी दूर ले जाकर की गई हत्या…
बेहोशी की हालत में युवक को कार से क़रीब 20 किलोमीटर दूर हथबंद–भाटापारा रेलवे ट्रैक के पास ले जाया गया। वहां धारदार तलवार से उसका सिर क़लम कर दिया गया।

हादसा दिखाने की कोशिश…
हत्या के बाद आरोपियों ने शव के धड़ को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया, ताकि मामला ट्रेन हादसा लगे। इसके बाद सिर को क़रीब 10 किलोमीटर दूर ले जाकर ज़मीन में गाड़ दिया गया।
सभी आरोपी गिरफ़्तार…
पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसका मामा और दोनों सुपारी किलर्स को गिरफ़्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर कार, तलवार, मोबाइल फोन समेत अन्य अहम साक्ष्य ज़ब्त किए गए हैं।

एसपी भावना गुप्ता का बयान…
बलौदा बाज़ार एसपी भावना गुप्ता ने बताया कि यह मामला पूरी तरह से सुनियोजित हत्या का है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया है। मामले में पर्याप्त साक्ष्य जुटा लिए गए हैं और सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आगे की क़ानूनी कार्रवाई जारी है।


