FIR से दबेगी आवाज़ या और गूंजेगा सच? छत्तीसगढ़ में नया विवाद…
एक शब्द, दो FIR और कई सवाल! जनहित की आवाज़ पर कार्रवाई क्यों?
भारत समाचार 24×7.net…
✍️ शब्बीर हसन…
सरगुजा ! छत्तीसगढ़ ! 18 जनवरी 2026
सरगुजा संभाग एक बार फिर सियासी और सोशल मीडिया विवाद के केंद्र में आ गया है। मिली जानकारी के अनुसार यूट्यूबर आकांक्षा टोप्पो द्वारा बनाए गए एक वीडियो को लेकर रामानुजगंज विधायक एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम पर कथित अभद्र टिप्पणी का आरोप लगाते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने अंबिकापुर कोतवाली थाना और रामानुजगंज थाना में उनके ख़िलाफ़ एफआईआर दर्ज करने हेतु ज्ञापन सौंपा है।

क्या था पूरा मामला विस्तार से जाने…
📞 कॉल रिकॉर्डिंग का संदर्भ…
बताया जा रहा है कि [वायरल कॉल रिकॉर्डिंग में]एक किसान अपनी ज़मीन,फसल और सरकारी प्रक्रिया से जुड़ी गंभीर समस्याओं को लेकर सीधे कृषि मंत्री रामविचार नेताम को फोन करता है। किसान की उम्मीद थी कि राज्य का कृषि मंत्री उसकी बात सुनेगा और समाधान की दिशा में मार्गदर्शन देगा, लेकिन कॉल रिकॉर्डिंग में मंत्री का लहजा बेहद उग्र और तंज भरा सुनाई दे रहा है। रिकॉर्डिंग के अनुसार मंत्री जी किसान को उल्टा डांटते हुए कहते हैं— “मुझे बार-बार फोन क्यों करते हो? मैं क्या करूंगा? फोन करना है तो तहसीलदार को करो, एसडीएम को करो, पटवारी को करो।” मंत्री की यह प्रतिक्रिया न सिर्फ किसान की समस्या को नज़रअंदाज़ करती दिखती है, बल्कि एक ज़िम्मेदार जनप्रतिनिधि से अपेक्षित संवेदनशीलता पर भी सवाल खड़े करती है। इसी कथित व्यवहार और भाषा को आधार बनाकर यूट्यूबर आकांक्षा टोप्पो ने अपने वीडियो में मंत्री पर कटाक्ष करते हुए ‘घोंचू’ शब्द का इस्तेमाल किया, जिसे लेकर अब पूरा विवाद और क़ानूनी कार्रवाई सामने आई है। नोट:-पूर्व में भी मंत्री जी बार बालाओं के कला को धार्मिक एवं सांस्कृतिक कला कौशल से तुलना करते नज़र आए थे।[कुमेली रेस्ट हाउस मामला]
🎥 वीडियो में क्या कहा गया?
आकांक्षा टोप्पो ने अपने वीडियो में किसानों, की समस्याओं को उठाते हुए यह टिप्पणी की कि…“भाजपा में कई ऐसे क़ाबिल नेता हैं जिन्हें वह पद नहीं मिलता जिसके वे हक़दार हैं, जबकि जिन्हें पद मिला है, उन्हें उसकी गरिमा तक का ज्ञान नहीं है।” वीडियो में यह भी आरोप लगाया गया कि मंत्री पद का इस्तेमाल जनसेवा की बजाय निजी हितों के लिए किया जा रहा है।
⚖️ ‘एक शब्द’ और पूरी कार्रवाई…
विवाद की जड़ बना वीडियो में बोला गया एक शब्द,‘घोंचू’ जिसे लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी नाराज़गी देखी गई। क्या एक शब्द को तिल का ताड़ बनाकर पूरे मुद्दे को दरकिनार कर सीधे क़ानूनी कार्रवाई का रास्ता अपनाया गया?
🗣️ आकांक्षा टोप्पो का पक्ष…
आकांक्षा टोप्पो का कहना है कि “जब असली मुद्दे उठते हैं तो उन पर काम नहीं होता, लेकिन अगर फ्लो-फ्लो में एक शब्द निकल जाए तो उसे हथियार बना लिया जाता है। कोशिश होती है कि आवाज़ बंद कर दी जाए — या तो जेल भेजो या डराओ।” उनका सवाल है कि क्या सच बोलना अब अपराध बन चुका है?
❓ असली सवाल कहां गुम हो गए?
इस पूरे विवाद के बीच मूल मुद्दे कहीं दबते नज़र आ रहे हैं —क्या बेरोज़गारों को रोज़गार मिलेगा? क्या छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा मिल पाएगी? क्या किसानों की समस्याओं का समाधान होगा? क्या ग़रीब को मुफ़्त इलाज और भी अन्य सुविधाएं मिलेंगी? या फिर हर सवाल का जवाब सिर्फ FIR और जेल ही रह जाएगा?
🔥 अभिव्यक्ति बनाम व्यवस्था…
यह मामला अब सिर्फ एक यूट्यूबर या एक मंत्री तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह सवाल खड़ा करता है कि लोकतंत्र में सवाल पूछने की सीमा, क्या तय होगी? क्या जनहित की बात करने वालों को हर बार क़ानून के डर से चुप कराया जाएगा?
🔥 जब आवाज़ कांपती नहीं, सिस्टम हिलता है…
जब एक आम इंसान “भूखे किसान, बेरोज़गार युवा, किताबों से दूर होते बच्चे और इलाज के लिए भटकते ग़रीब” की बात करता है, तब वह सिर्फ शब्द नहीं बोलता — वह लाखों टूटे सपनों की चीख़ बन जाता है। ऐसी आवाज़ों को दबाने के लिए कभी एफ़आईआर लिखी जाती है, कभी जेल की धमकी दी जाती है, ताकि डर पैदा हो और सवाल मर जाएं। लेकिन सच यह है कि डर सवालों को नहीं मारता, बल्कि उन्हें और ज़िंदा कर देता है। जितना ज़ोर से किसी की आवाज़ दबाई जाएगी, उतनी ही बुलंद होकर वह निकलेगी। क्योंकि अन्याय के ख़िलाफ उठी आवाज़ कभी अकेली नहीं होती — उसके साथ पूरे समाज की उम्मीद, हिम्मत और भविष्य खड़ा होता है। आज अगर हम चुप रहे, तो कल सवाल पूछने का हक़ भी नहीं बचेगा।
📝 निष्कर्ष…
आकांक्षा टोप्पो के शब्दों की मर्यादा पर बहस हो सकती है, लेकिन उनके उठाए गए सवाल जनहित से जुड़े हुए हैं — और जब सवालों के बजाय सवाल पूछने वाले पर कार्रवाई हो, तो लोकतंत्र की सेहत पर सवाल उठना लाज़मी है।

