नक्सल मोर्चे पर ऐतिहासिक सफलता, 6 ढेर—तेलंगाना BJP का बड़ा दावा…
भारत समाचार 24×7.net…
शब्बीर हसन ! 18 जनवरी 2026
रायपुर | विशेष रिपोर्ट…
छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर सुरक्षा बलों को बड़ी क़ामयाबी हाथ लगी है। नक्सल विरोधी अभियान के तहत हुए भीषण एनकाउंटर में 4 महिला समेत कुल 6 नक्सली मारे गए हैं। मारे गए नक्सलियों में कमेटी चीफ़ दिलीप भी शामिल है, जिसे संगठन का कुख़्यात रणनीतिकार माना जाता था।
० घने जंगलों में चली घंटों गोलीबारी…
सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की बड़ी साज़िश की नाक़ाम…
सुरक्षा एजेंसियों से मिली जानकारी के अनुसार, बॉर्डर इलाक़े के घने जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की पुख़्ता सूचना के बाद डीआरजी और अन्य सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभालते हुए घंटों चली मुठभेड़ के बाद 6 नक्सलियों को ढेर कर दिया।

० कमेटी चीफ़ दिलीप का ख़ात्मा...
नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका…
एनकाउंटर में मारा गया दिलीप नक्सली संगठन का अहम कमेटी चीफ़ था। उस पर कई बड़े हमलों की योजना बनाने और सुरक्षा बलों पर हमलों का नेतृत्व करने का आरोप था। अधिकारियों के मुताबिक, दिलीप के मारे जाने से इलाक़े में नक्सली गतिविधियों को बड़ा झटका लगा है।

० तेलंगाना BJP का बड़ा दावा…
खूंखार नक्सली पापाराव के मारे जाने की बात…
इस बीच तेलंगाना भाजपा ने दावा किया है कि इस एनकाउंटर में कुख़्यात नक्सली पापाराव भी मारा गया है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि की प्रक्रिया जारी है। यदि यह दावा सही साबित होता है, तो इसे नक्सल मोर्चे पर ऐतिहासिक सफलता माना जाएगा।

० इलाक़े में सर्च ऑपरेशन तेज़…
हथियार और नक्सली सामग्री बरामद…
एनकाउंटर के बाद पूरे बॉर्डर क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया है। सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ स्थल से आधुनिक हथियार, गोला-बारूद और नक्सली दस्तावेज़ बरामद किए हैं। फ़िलहाल इलाक़े में सघन सर्च ऑपरेशन जारी है, ताकि किसी अन्य नक्सली की मौजूदगी को पूरी तरह ख़त्म किया जा सके।

० नक्सल विरोधी अभियान को मिली नई मज़बूती…
सुरक्षा बलों के हौसले बुलंद…
इस सफल ऑपरेशन के बाद सुरक्षा बलों के हौसले और मज़बूत हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में नक्सलियों के ख़िलाफ़ अभियान और तेज़ किया जाएगा, ताकि सीमावर्ती इलाक़ों में शांति और सुरक्षा बहाल की जा सके।


