जादू-टोना के शक में बुज़ुर्ग की बेरहमी से पिटाई…
भारत समाचार 24×7.net…
विशेष रिपोर्ट…
रिपोर्टर: विजय सिंह…
बलरामपुर 20 जनवरी 2026
बलरामपुर ज़िले पालगी गांव से एक बेहद शर्मनाक और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहाँ जादू-टोना के शक में एक बुज़ुर्ग को डायन बताकर बेरहमी से पीटा गया। लाठी-डंडों और लात-घूंसे से की गई इस मारपीट में बुज़ुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया है। पीड़ित का इलाज ज़िला अस्पताल बलरामपुर में जारी है। परिजनों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने और पुलिस की लापरवाही का आरोप लगाया है।
पीड़ित बुज़ुर्ग का नाम सरजू यादव बताया गया है। आरोप है कि 16 जनवरी 2026 की शाम जब वे घर लौट रहे थे, तभी गांव के ही चार लोगों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया और डायन-टोना करने का आरोप लगाते हुए बेरहमी से मारपीट की।
पीड़ित का कहना है कि उन्हें लंबे समय से इसी आरोप को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। मारपीट के दौरान जान बचाने के लिए बुज़ुर्ग एक घर में घुस गए। घटना के बाद उनके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान हैं और उनका इलाज ज़िला अस्पताल बलरामपुर में किया जा रहा है।
पीड़ित के परिजनों ने बताया कि घटना की शिकायत त्रिकुंडा थाने में दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ़्तारी नहीं हुई है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस की निष्क्रियता से आरोपियों के हौसले बढ़े हुए हैं और पीड़ित परिवार को लगातार जान का ख़तरा बना हुआ है। इसी को लेकर परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर सख़्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले में एडिशनल एसपी विश्व दीपक त्रिपाठी ने बताया कि त्रिकुंडा थाने में अपराध दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच कर आवश्यक क़ानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बाइट–(सरजू यादव, पीड़ित)
बाइट–(दिलीप यादव, पीड़ित का बेटा)
बाइट–(विश्व दीपक त्रिपाठी, एडिशनल एसपी)

