“खून से लाल हुआ तार बंगला मोड़: ट्रक की टक्कर में महिला की दर्दनाक मौत”…
भारत समाचार 24×7.net…
रिपोर्टर: रेहान सैयद…
तिलौथू ! बिहार ! 6 फरवरी 2026…
तिलौथू थाना क्षेत्र अंतर्गत तार बंगला मोड़ के पास आज दिनांक 6 फरवरी 2026 को करीब दो घंटे पहले ट्रक और बाइक की ज़ोरदार टक्कर में एक महिला की मौक़े पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि महिला का सिर पूरी तरह कुचल गया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
तिलौथू की रहने वाली थी मृतका …
मृतका की पहचान बिहार राज्य के रोहतास ज़िले के ग्राम तिलौथू निवासी महिला के रूप में की गई है। घटना के बाद इलाक़े में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौक़े पर जमा हो गए।

यूपी नंबर की ट्रक मौक़े पर खड़ी, चालक फरार…
दुर्घटना में शामिल उत्तर प्रदेश नंबर की ट्रक घटनास्थल पर ही खड़ी मिली, जिसे पुलिस ने ज़ब्त कर लिया है। हालांकि, हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक मौक़े से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
लापरवाही भी बनी हादसे की बड़ी वजह…
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे के वक्त बाइक पर तीन लोग सवार थे, जिनमें दो महिलाएं और एक पुरुष बाइक चालक शामिल था। बाइक सवारों द्वारा हेलमेट का उपयोग नहीं किया गया था, जो कि न केवल यातायात क़ानूनों का स्पष्ट उल्लंघन है, बल्कि ख़ुद की सुरक्षा के प्रति गंभीर लापरवाही भी दर्शाता है। यदि हेलमेट पहना गया होता, तो संभव है कि महिला की जान बच सकती थी। इस घटना में जहां ट्रक चालक की लापरवाही सामने आ रही है, वहीं मोटरसाइकिल सवारों की घोर असावधानी भी हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है। ग़ौरतलब है कि ज़िला प्रशासन एवं यातायात विभाग द्वारा सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, इसके बावजूद लोग नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। अक्सर देखा गया है कि जब तक कोई गंभीर क्षति या जानलेवा हादसा नहीं होता, तब तक लोग यातायात नियमों की अहमियत नहीं समझते।

पुलिस जांच जारी…
सूचना मिलते ही तिलौथू थाना पुलिस मौक़े पर पहुंची और शव को कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है।

