“राजनीति की आग स्कूल तक”— गणेशपुर के छात्र बोले: दोषी नेता, कार्रवाई शिक्षक पर क्यों?…
भारत समाचार 24×7.net…
विशेष रिपोर्ट…
✍️शब्बीर हसन…
गणेशपुर ! सूरजपुर ! 5 फरवरी 2026
गणेशपुर (विकासखंड रामानुजनगर) स्थित शासकीय उच्चतर/माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए विद्यालय के प्रधानपाठक एवं अंग्रेजी व्याख्याता के निलंबन को अन्यायपूर्ण बताया है। छात्रों का आरोप है कि राजनीतिक कार्यक्रम में जबरन शामिल कराए जाने के बावजूद कार्रवाई शिक्षकों पर की गई, जबकि वास्तविक ज़िम्मेदारों पर कोई क़दम नहीं उठाया गया।

🟠 “छुट्टी के समय बुलाए गए छात्र, लगाए गए नारे”…
छात्र-छात्राओं के अनुसार 20 जनवरी 2026 को गणेशपुर चौक पर आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत एवं “हसदेव बचाओ आंदोलन” के दौरान विद्यालय अवकाश के समय ग्राम पंचायत गणेशपुर के सरपंच रामलखन सिंह एवं कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र कुमार साहू (मेही) द्वारा छात्रों को कार्यक्रम स्थल पर बुलाया गया। वहाँ ज़िला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह के निर्देशन में छात्रों से नारे लगवाए गए।
🟠 “शिक्षकों को बनाया गया बलि का बकरा”?…
ज्ञापन में साफ कहा गया है कि कार्यक्रम में छात्रों की भागीदारी का विद्यालय के प्रधानपाठक या व्याख्याता से कोई संबंध नहीं था। इसके बावजूद प्रधानपाठक समान राम सिंह, अंग्रेजी व्याख्याता राजेश कुमार चौधरी के विरुद्ध निलंबन/कार्रवाई की गई, जिससे छात्र-छात्राएं स्वयं को मानसिक रूप से आहत महसूस कर रहे हैं।
🟠 “परीक्षा नज़दीक, पढ़ाई हो रही प्रभावित”…
छात्रों ने बताया कि वार्षिक परीक्षाएं बेहद नज़दीक हैं और शिक्षकों पर कार्रवाई के कारण अध्ययन कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र न्याय नहीं मिला तो वे बस स्टैंड गणेशपुर चौक पर चक्का जाम के लिए बाध्य होंगे।
🟠 “छात्रों की मांग”…
छात्र-छात्राओं ने प्रशासन से मांग की है कि निर्दोष शिक्षकों के ख़िलाफ की गई कार्रवाई तत्काल वापस ली जाए और वास्तविक ज़िम्मेदारों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

🟠 ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने वाले छात्र-छात्राएं…
(संलग्न सूची में कुल दर्जनों नाम, प्रमुख रूप से:)
भारती, जयंती, प्रमीला, खेलसाय, अनुज, चंपा, हर्ष, दुर्गेश्वरी, राधा, प्रियंका, पुष्पा, मनीष कुमार, शिवकुमार, डलेश्वर राजवाड़े, सीतामनी सहित विद्यालय के दर्जनों छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
(सभी नाम आवेदन की संलग्न सूची में दर्ज)


