बीज भंडारण को बनाया बहाना, रिश्वत का रचा गया खेल…
भ्रष्टाचार के खिलाफ सख़्ती, अब नहीं बख्शे जाएंगे दोषी…
सेल्स मैनेजर को डराकर वसूली की कर रहा था कोशिश…
भारत समाचार 24×7.net…
विशेष रिपोर्ट…
शब्बीर हसन…
सूरजपुर | 12 अप्रैल | 2026
ज़िले में भ्रष्टाचार के ख़िलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एसीबी और ईओडब्ल्यू की संयुक्त टीम ने प्रतापपुर में पदस्थ कृषि विकास अधिकारी एवं बीज निरीक्षक सोहन लाल भगत को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ़्तार कर लिया। आरोपी अधिकारी पर 3 लाख रुपये की मांग का आरोप है।

धमकी देकर वसूली की साज़िश…
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हैदराबाद की बीज कंपनी में कार्यरत एरिया सेल्स मैनेजर अजीत कुमार कश्यप को आरोपी अधिकारी ने झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। सीजन के बाद सुरक्षित रखे गए बीजों को ‘अवैध भंडारण’ बताकर कार्रवाई की बात कही गई और 3 लाख रुपये की मांग की गई।

ACB के जाल में फंसा आरोपी…
भ्रष्टाचार के ख़िलाफ आवाज़ उठाते हुए पीड़ित ने एसीबी और ईओडब्ल्यू में शिकायत दर्ज कराई। योजना के तहत जैसे ही आरोपी ने पहली किस्त के रूप में 1 लाख रुपये लिए, पहले से तैनात टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ़्तार कर लिया।

प्रशासन में मचा हड़कंप…
इस कार्रवाई के बाद ज़िले के प्रशासनिक अमले में हड़कंप की स्थिति है। एसीबी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार में शामिल किसी भी अधिकारी को बख़्शा नहीं जाएगा। फिलहाल आरोपी के ख़िलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है।

