हादसे के बाद भी नहीं जागी व्यवस्था, सड़क पर पड़े रहे शव के क्षत-विक्षत अवशेष…
दो मौतों के बाद भी व्यवस्था पर सवाल—कौन ज़िम्मेदार है महगांव की बदहाल सड़क का?
भारत समाचार 24×7.net…
विशेष रिपोर्ट…
✍️शब्बीर हसन…
22 अगस्त 2026 शनिवार…
सूरजपुर। सूरजपुर बाईपास रोड पर महगांव के पास रविवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक और महिला की दर्दनाक मौत हो गई। तेज़ रफ़्तार ट्राला ने बाइक को ज़ोरदार टक्कर मारते हुए दोनों को रौंद दिया। हादसा इतना भयावह था कि महिला का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।
अंबिकापुर से लौट रहे थे दोनों…
जानकारी के अनुसार मृतिका की पहचान सलमा (35), निवासी सिरसी, भैयाथान के रूप में बताई जा रही है। वहीं बाइक चालक उत्तर प्रदेश निवासी बताया जा रहा है, जिसका उपनाम प्रजापति बताया गया है। दोनों कैस्पर माइक्रो क्रेडिट प्राइवेट फाइनेंस में कार्यरत थे और कार्यालयीन कार्य से अंबिकापुर गए थे। लौटते समय महगांव के पास हादसा हो गया।
ख़राब सड़क और तेज़ रफ़्तार पर उठे सवाल…
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक़ ट्राला क्रमांक CG 10 BZ 0530 तेज़ रफ़्तार में था। सड़क ख़राब होने के कारण ट्राला के ग़लत दिशा से निकलने की कोशिश के दौरान बाइक उसकी चपेट में आ गई। बाइक चालक हेलमेट पहने हुए था, लेकिन टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौक़े पर ही मौत हो गई।
शव के टुकड़े सड़क पर बिखरे, लोगों ने संभाला मोर्चा…
हादसे के बाद सड़क पर शव के क्षत-विक्षत हिस्से बिखरे रहे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस के मौक़े पर मौजूद होने के बावजूद शव को तत्काल समेटने के लिए अस्पताल या नगर पालिका की टीम नहीं पहुंची। इसके बाद स्थानीय लोगों ने बोरी, पन्नी और बेलचे की मदद से शव के हिस्सों को एकत्र कर एंबुलेंस तक पहुंचाया।
भारी वाहनों की रफ़तार और बदहाल सड़क बनी चिंता…
हादसे के बाद ट्राला को सूरजपुर कोतवाली में खड़ा कराया गया। घटना ने ख़राब सड़क, भारी वाहनों की तेज़ रफ़्तार और दुर्घटना के बाद तत्काल मानवीय सहायता की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने सड़क की स्थिति सुधारने और भारी वाहनों की रफ़तार पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है।

