17 लाख रुपये बताकर दिया कागज़ों का पैकेट, 8.50 लाख लेकर फरार हुआ ठग गिरोह…
पहले 10 हज़ार के दोगुने लौटाए, फिर 8.50 लाख की कर दी सफाई…
भारत समाचार 24×7.net…
विशेष रिपोर्ट…
✍️शब्बीर हसन…
सूरजपुर। शेयर करंसी में रक़म निवेश कर कुछ ही दिनों में दोगुनी करने का झांसा देकर 8 लाख 50 हज़ार रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के एक और आरोपी को चौकी रेवटी पुलिस ने बिहार के कैमूर से गिरफ़्तार किया है। मामले में दो आरोपियों को पूर्व में गिरफ़्तार किया जा चुका है, जबकि एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।
पहले 10 हज़ार दिए, दोगुना लौटाकर जीता भरोसा…
पुलिस के अनुसार ग्राम गोवर्धनपुर निवासी सुनील पाण्डेय को आरोपियों ने शेयर करंसी में निवेश से रक़म दोगुनी होने का झांसा दिया था। शुरुआत में 10 हज़ार रुपये लेने के बाद आरोपियों ने अगले दिन 20 हज़ार रुपये लौटाकर उसका विश्वास जीत लिया। इसके बाद 10 लाख रुपये निवेश करने पर 2 से 4 दिन में रक़म दोगुनी करने का लालच दिया गया।
8.50 लाख लेकर थमाया कागज़ों का पैकेट…
आरोपियों की बातों में आकर प्रार्थी ने 8 लाख 50 हज़ार रुपये की व्यवस्था कर ली। 27 फरवरी 2023 को आरोपी उसकी दुकान पर पहुंचे और रक़म लेने के बाद एक बंद पैकेट थमाते हुए उसमें 17 लाख रुपये होने की बात कही। आरोपियों ने पैकेट बाद में खोलने को कहा। उनके मोबाइल बंद मिलने पर जब प्रार्थी ने पैकेट खोला तो उसमें नोटों की जगह काग़ज की गड्डियां मिलीं। इसके बाद ठगी का खुलासा हुआ।
फर्ज़ी सिम के ज़रिए रची गई थी साज़िश…
पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात में इस्तेमाल मोबाइल नंबर फर्ज़ी तरीक़े से हासिल किए गए सिम से चलाया जा रहा था। पूर्व में अमरेश मिश्रा और राजेश सिंह को गिरफ़्तार किया जा चुका है। आरोपियों के कब्ज़े से घटना में प्रयुक्त कार भी ज़ब्त की गई थी।
कैमूर में दबिश देकर शाहज़ाद गिरफ़्तार…
पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल (भा.पु.से.) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन एवं एसडीओपी प्रतापपुर अनूप एक्का के मार्गदर्शन में रेवटी पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश तेज़ की। इसी दौरान आरोपी शहज़ाद अंसारी, पिता स्व. युसुफ अंसारी, उम्र 29 वर्ष, निवासी शाही सराय, थाना कुदरा, जिला कैमूर (बिहार) के कैमूर में होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ़्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।
एक अन्य आरोपी पुलिस के पकड़ से बाहर…
पुलिस के अनुसार मामले में फरार एक अन्य आरोपी की तलाश लगातार जारी है। कार्रवाई में चौकी प्रभारी रेवटी संतोष सिंह, प्रधान आरक्षक शिव राजवाड़े, आरक्षक मनरूप पैंकरा एवं अशोक राजवाड़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

