UPSC-PSC टॉपर्स से लेकर खिलाड़ियों और समाजसेवियों तक, प्रतिभाओं का होगा भव्य सम्मान…
लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित होगी सरगुजा की प्रबुद्ध हस्ती…
भारत समाचार 24×7.net…
विशेष रिपोर्ट…
✍️शब्बीर हसन…
23 अगस्त 2026 रविवार…
अंबिकापुर (सरगुजा) पैग़ंबर हज़रत मोहम्मद (स.अ.व.) के जन्मदिवस जश्ने ईद मिलादुन्नबी का पर्व इस वर्ष 26 अगस्त को अंबिकापुर में पारंपरिक एवं गरिमामय तरीक़े से मनाया जाएगा। सीरतुन्नबी कमेटी अंबिकापुर के तत्वावधान में होने वाले कार्यक्रम को लेकर तैयारियां ज़ोरों पर हैं। शहर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है और विभिन्न मोहल्लों में भी विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
शिक्षा, खेल और समाजसेवा की प्रतिभाओं का होगा सम्मान…
कार्यक्रम में सरगुजा ज़िले की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं के साथ UPSC और CGPSC में सफलता हासिल करने वाले युवाओं को सम्मानित किया जाएगा। प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर खेल में उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों, प्रतिभावान युवा अधिवक्ताओं, चिकित्सकों, समाजसेवियों, सामाजिक संस्थाओं तथा मदरसा के बच्चों को भी सम्मानित किया जाएगा।
प्रबुद्ध हस्ती को मिलेगा लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड…
समाज में उल्लेखनीय एवं अभूतपूर्व योगदान देने वाली सरगुजा की एक प्रबुद्ध हस्ती को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। वहीं पिछले वर्ष कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पूर्व अध्यक्ष जमाल ख़ान मोनू, कार्यकारी अध्यक्ष मजुल खान एवं सद्दाम खान को भी सम्मानित किया जाएगा। मोहल्लों में उत्कृष्ट सजावट करने वाली टीमों को भी पुरस्कार दिया जाएगा।
कला केंद्र मैदान में जुटेगा जनसैलाब, सभी धर्मगुरु देंगे सद्भावना का संदेश…
ईद मिलादुन्नबी का जुलूस शहर के विभिन्न मोहल्लों से होकर कला केंद्र मैदान पहुंचेगा, जहां मुख्य कार्यक्रम आयोजित होंगे। सांप्रदायिक सद्भावना और भाईचारे का संदेश देने के लिए विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं को भी आमंत्रित किया गया है, जो पैग़ंबर हजरत मोहम्मद (स.अ.व.) के जीवन एवं उनके अमन-शांति के संदेश पर प्रकाश डालेंगे।
नई कमेटी के नेतृत्व में तैयारियां तेज़…
स्थानीय ज़ाकिर हुसैन हॉल में आयोजित बैठक में शहर की 13 इदारा कमेटियों एवं मुस्लिम समाज के प्रमुखजनों की मौजूदगी में सीरतुन्नबी कमेटी के नए पदाधिकारियों का चयन किया गया। अध्यक्ष मेराज गुड्डू और कार्यकारी अध्यक्ष मोहम्मद नियाज़उद्दीन ख़ान उर्फ निक्की के नेतृत्व में समाज के लोग आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अध्यक्ष मेराज़ गुड्डू, कार्यकारी अध्यक्ष नियाज़उद्दीन ख़ान निक्की, सचिव फैज़ान अहमद, अशफाक़ अली, बाबर इदरीशी, शादाब रिज़वी, जमाल खान मोनू, मोइनुद्दीन अंसारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं समाज के प्रमुखजन उपस्थित रहे।

