घर में चल रही थी गांजे की खेती! मुख़बिर की सूचना पर पुलिस की दबिश…
पुलिस की दबिश से खुला राज़, कमरे में लहलहा रहे थे गांजे के पौधे…
भारत समाचार 24×7.net…
विशेष रिपोर्ट…
✍️शब्बीर हसन…
सूरजपुर। ज़िले में नशे के ख़िलाफ चल रही पुलिस कार्रवाई के बीच बसदेई चौकी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक निर्माणाधीन मकान से गांजा के दो विशाल पौधे बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक़ दोनों पौधे क़रीब 10-10 फीट ऊंचे थे, जिन्हें जड़ सहित उखाड़कर ज़ब्त किया गया।
मुख़बिर की सूचना पर दबिश, निर्माणाधीन मकान से बरामदगी…
पुलिस के अनुसार 26 अगस्त 2026 को मुख़बिर से सूचना मिली थी कि ग्राम जूर साहूपारा में रविशंकर साहू के निर्माणाधीन मकान के एक कमरे में गांजा का पौधा अवैध रूप से उगाया गया है। सूचना पर बसदेई पुलिस टीम ने मौक़े पर पहुंचकर कार्रवाई की और कमरे से दो गांजा के पौधे बरामद किए।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई, आरोपी गिरफ़्तार…
पुलिस ने दोनों पौधों को जड़ सहित ज़ब्त कर धारा 20(ए) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। मामले में रविशंकर साहू (24 वर्ष), पिता रामकेश्वर साहू, निवासी जूर साहूपारा, चौकी बसदेई को गिरफ़्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल (भापुसे) के निर्देश पर नशे के अवैध कारोबार के ख़िलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी बसदेई योगेन्द्र जायसवाल एवं पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।

