आस्था के अपमान का आरोप: कांग्रेस ने हनुमान पतंग और गौ माता बयान पर भाजपा को घेरा…
भारत समाचार 24×7.net…
ख़ास रिपोर्ट…
✍️शब्बीर हसन…
रायपुर! 18 जनवरी 2026
हनुमान जी की पतंग और गौ माता को लेकर दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान के विरोध में कांग्रेस ने थाने के बाहर धार्मिक और सांकेतिक प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कर आस्था के अपमान का आरोप लगाया और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
हनुमान जी की तस्वीर वाली पतंग उड़ाना हिंदू भावनाओं के ख़िलाफ़…
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है कि मकर संक्रांति जैसे पवित्र पर्व के अवसर पर अहमदाबाद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज की मौजूदगी में भगवान हनुमान की तस्वीर वाली पतंग उड़ाई गई। कांग्रेस का कहना है कि पतंग उड़ाने के दौरान उसका कटना और पैरों में आना सनातन परंपराओं के विरुद्ध है। नेताओं का आरोप है कि इस घटना से करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और इसे आस्था के अपमान के रूप में देखा जा रहा है।इसके बाद भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी द्वारा गौ माता को लेकर दिए गए बयान पर भी कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई।
क्या कहा कांग्रेस नेताओं ने?
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि गौ माता की प्रजातियों में विभाजन और मिथुन प्रजाति को लेकर दिया गया बयान आपत्तिजनक है। कांग्रेस ने इसे भाजपा का तथाकथित छद्म हिंदुत्व क़रार दिया। रायपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने कहा कि धर्म के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा आज अपने ही बयानों और कृत्यों से कटघरे में खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर भगवान हनुमान को पतंग बनाकर आसमान में उड़ाया गया, वहीं दूसरी ओर गौ माता को लेकर दिए गए विवादित बयान ने सनातनी समाज को झकझोर कर रख दिया है।
आस्था पर हमला बर्दाश्त नहीं: कांग्रेस…
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हनुमान जी और गौ माता करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र हैं। ऐसे में इनसे जुड़े किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक या असंवेदनशील बयान को किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि जानबूझकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
थाने के बाहर शांतिपूर्ण लेकिन सख़्त प्रदर्शन…
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में धार्मिक प्रतीक और बैनर लेकर थाने के बाहर एकत्र हुए। हनुमान चालीसा के पाठ के ज़रिए कांग्रेस ने यह संदेश दिया कि यह आंदोलन उकसावे के लिए नहीं, बल्कि आस्था की रक्षा और समाज में सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से किया गया है।

दोषियों पर क़ानूनी कार्रवाई की मांग…
कांग्रेस नेताओं ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले बयान देने वालों के ख़िलाफ़ सख़्त क़ानूनी कार्रवाई की जाए। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी।
धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ न करे सरकार…
कांग्रेस का कहना है कि सत्ता के संरक्षण में कुछ लोग लगातार धार्मिक प्रतीकों का अपमान कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। कांग्रेस ने सरकार से मांग की है, ऐसे मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई कर दोषियों को सज़ा दी जाए।
सौहार्द बिगाड़ने की साज़िश का आरोप…
नेताओं ने कहा कि समाज को बांटने और माहौल ख़राब करने की कोशिशें की जा रही हैं, जिन्हें कांग्रेस किसी भी क़ीमत पर सफल नहीं होने देगी। हनुमान चालीसा का पाठ कर यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि आस्था और सम्मान से कोई समझौता नहीं होगा।

