जयनगर धान उपार्जन केंद्र पर जांच में सामने आया बड़ा खुलासा…
धान खरीदी से पहले बड़ा अभियान, किसानों को जागरूक करने होगी आम सभा…
खाद घोटाले पर प्रशासन गरजा, आरोपी पर शिकंजा कसने की तैयारी…
भारत समाचार 24×7.net…
special report…
✍️shabbir hasan…
31 july 2026…
सूरजपुर जिले के जयनगर धान उपार्जन केंद्र के समिति प्रबंधक श्यामलाल प्रजापति पर लगे खाद घोटाले के आरोपों को लेकर प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए है। इस मामले में जब भारत समाचार की टीम ने सहकारी संस्थाएं, सूरजपुर के उप पंजीयक अनिल कुमार वनज से विशेष बातचीत की, तो उन्होंने बताया कि अब तक की जांच में करीब 20 लाख रुपये के खाद घोटाले का खुलासा हुआ है। उन्होंने कहा कि जांच अभी जारी है और यदि सभी तथ्य एवं आरोप सिद्ध हो जाते हैं तो संबंधित आरोपी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दाग़दार कर्मचारियों के लिए सहकारी संस्थाओं में कोई जगह नहीं…
उप पंजीयक अनिल कुमार वनज ने स्पष्ट कहा कि सहकारी संस्थाओं में भ्रष्टाचार या अनियमितता करने वाले कर्मचारियों के लिए कोई स्थान नहीं होगा। यदि कोई कर्मचारी किसानों के अधिकारों का हनन करता है या सरकारी योजनाओं में गड़बड़ी करता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ़ कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगा।

किसानों के हक़ पर डाका डालने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई…
उप पंजीयक ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति किसानों के हक़ पर डाका डालने का प्रयास करेगा, तो उसके विरुद्ध क़ानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसानों के हितों की रक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस संबंध में शासन पूरी गंभीरता के साथ काम कर रहा है।

आम सभाओं के माध्यम से किसानों को किया जाएगा जागरूक…
उन्होंने बताया कि आगामी धान खरीदी सीजन को देखते हुए प्रत्येक क्षेत्र में आम सभाओं का आयोजन कर किसानों को शासन की योजनाओं, उनके अधिकारों तथा धान ख़रीदी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। उद्देश्य यह है कि किसान पूरी जानकारी के साथ अपने अधिकारों का लाभ उठा सकें और किसी प्रकार की अनियमितता का शिकार न हों।
धान ख़रीदी से पहले शासन एक्टिव मोड में…
धान ख़रीदी का समय नज़दीक आने के कारण शासन और प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। सहकारी संस्थाओं की निगरानी बढ़ाई जा रही है तथा शिकायतों की गंभीरता से जांच की जा रही है, ताकि ख़रीदी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष रह सके।
पहले भी लग चुके हैं गंभीर आरोप…
गौरतलब है कि जयनगर धान उपार्जन केंद्र के समिति प्रबंधक श्यामलाल प्रजापति पर पूर्व में भी लगभग 80 लाख रुपये के धान घोटाले का आरोप लग चुका है। वहीं वर्तमान में उन पर क़रीब 40 लाख रुपये के खाद घोटाले का भी आरोप है। हालांकि, इन आरोपों की जांच जारी है। प्रशासन का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सिद्ध होंगे, उसी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

