सूरजपुर में अब नहीं चलेगी मनमानी! एसपी के आदेश पर बड़ा अभियान…
नाबालिग चालक, संदिग्ध किरायेदार और ट्रैफिक उल्लंघन पर पुलिस का बड़ा प्रहार…
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उठे मुद्दों पर शुरू हुआ एक्शन…
भारत समाचार 24×7.net…
विशेष रिपोर्ट…
✍️शब्बीर हसन…
1 अगस्त 2026…
सूरजपुर पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल द्वारा पत्रकारों के साथ आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिले की प्रमुख समस्याओं पर सुझाव मांगे गए थे। पत्रकारों ने नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन, बिना सत्यापन रह रहे किरायेदार, मालवाहक वाहनों में अवैध सवारी, कबाड़ कारोबार सहित कई गंभीर मुद्दे उठाए। इन सुझावों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है।
किरायेदार सत्यापन अब अनिवार्य…
पुलिस अधीक्षक के प्रतिवेदन पर कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी रेना जमी़ल ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत आदेश जारी कर जिले में किरायेदारों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य कर दिया है। अब बिना सत्यापन किसी को किराये पर मकान या भवन देना दंडनीय होगा। होटल, लॉज, ढाबों और निजी संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों का विवरण भी संबंधित थाने में देना होगा, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
नाबालिगों के वाहन चलाने पर पुलिस की सख्ती…
विशेष अभियान के दौरान ज़िलेभर में 102 नाबालिग छात्र-छात्राओं को दोपहिया वाहन चलाते पकड़ा गया। उनके अभिभावकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 63 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया। वहीं अन्य 58 यातायात नियम उल्लंघन के मामलों में कार्रवाई कर कुल 71,600 रुपये का चालान वसूला गया। शराब पीकर वाहन चलाने वाले चार लोगों के विरुद्ध भी न्यायालयीन कार्रवाई की गई।
जनसहयोग से बनेगा सुरक्षित सूरजपुर…
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने जिलेवासियों से अपील की है कि किरायेदारों का सत्यापन कराएं, संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना पुलिस को दें तथा 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनता के संयुक्त प्रयासों से ही सूरजपुर को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और अपराधमुक्त बनाया जा सकता है।

